बिहार-यूपी के लोगों पर 4 दिन में 42 हमले,आठ हजार लोग लौटे घर: गुजरात

अहमदाबाद. गुजरात के साबरकांठा में 14 माह की बच्ची से दुष्कर्म के बाद गैर गुजरातियों, खासकर बिहार-यूपी के लोगों पर हमलों के बीच 8 हजार से ज्यादा लोग पलायन कर चुके हैं। चार दिन में इन पर 42 हमले हुए। गैर गुजरातियों के खिलाफ आक्रोश महेसाणा, साबरकांठा, अहमदाबाद (ग्रामीण), अहमदाबाद (शहरी), अरावली, पाटण, गांधीनगर में सबसे ज्यादा दिखा।

हिंसा में शामिल 342 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ितों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी की गई। बस्तियों के साथ-साथ जिन फैक्ट्रियों में वे लोग काम करते हैं, वहां भी सुरक्षा बढ़ाई गई। गुजरात के गृहराज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने रविवार शाम बैठक करके हालात की समीक्षा की।

साबरकांठा के हिम्मतनगर में 28 सितंबर को बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद से ही गैर गुजरातियों को राज्य से बाहर निकालने के लिए प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया।श्रमिक बोले- जाने में ही भलाई: उत्तर गुजरात हिंसा से सर्वाधिक प्रभावित है। कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर इसी क्षेत्र से हैं। उन्होंने ही सबसे पहले गैर गुजरातियों को बाहर करने की बात छेड़ी। चार जिलों महेसाणा, पाटण, बनासकांठा-साबरकांठा और अरावली में पांच दिनों से छोटी दुकानें और ठेले नहीं लग रहे। लौट रहे श्रमिकों ने कहा कि रात में घर आकर धमकाते हैं। धमकी वाले वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इसमें कांग्रेस का तालुका स्तर का नेता धमकी देता दिख रहा है।

वडोदरा में दो कंपनियों पर हमला, 10 घायल: शनिवार रात वडोदरा हाईवे के जरोद में दो कंपनियों पर भीड़ ने हमला किया। इसमें 10 लोग घायल हो गए। धारदार हथियार और डंडों से लैस लोगों ने गैर गुजराती श्रमिकों को रविवार सुबह तक इलाका छोड़ने की धमकी दी। वडोदरा के सोमा तालाब ब्रिज के पास भी स्थानीय और गैर-गुजराती लोगों के बीच संघर्ष हुआ।

डीजीपी बोले- पलायन नहीं, त्योहार मनाने घर जा रहे: पलायन के सवाल पर गुजरात के डीजीपी शिवानंद झा ने कहा कि लोग त्योहार मनाने घर जा रहे हैं। इसे पलायन कहना ठीक नहीं। गैर गुजरातियों की आबादी वाले इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया।

गुजरात में 40% आईएएस-आईपीएस यूपी-बिहार से: डीजीपी शिवानंद झा व मुख्य सचिव जेएन सिंह बिहार से ही हैं। गृह सचिव ए.के. तिवारी यूपी के हैं। राज्य में 243 आईएएस हैं, जिनमें से 48 यूपी-बिहार के हैं। 167 आईपीएस में 14 यूपी 18 बिहार के हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading