MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले के मोतीपुर में लगातार हाईवे लूट को अंजाम दे रहे शातिर हाईवे लुटेरा गिरोह के तीन बदमाशों को डीएसपी पश्चिमी के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने मोतीपुर थाना क्षेत्र के भवानीडीह बाँध पर हथियार व दो मोटरसाइकिल के साथ धर दबोचा. गिरफ्तार एक अपराधी इलाके के प्रतिष्ठित समाजसेवी व पूर्व प्रखंड प्रमुख का पुत्र बताया जाता है. जिसने 26 मार्च को ही दो अन्य बदमाशों के साथ कोदरकट्टा एनएच 28 पर पूर्वी चम्पारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वृंदावदन टोला धरनी छपरा निवासी व्यवसायी राकेश कुमार से फायरिंग करते हुये 30 हजार रुपये लूट लिये थे.
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया की मोतीपुर थाना क्षेत्र में हाईवे व इसके आसपास बढ़ती लूट की घटनाओं पर रोकथाम हेतु पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. पुलिस टीम लुटेरों की गिरफ़्तारी हेतु तकनीकी साक्ष्यों व गहनता से जांच कर हाईवे लुटेरों की पहचान पुख्ता करते हुए नज़र रखे हुए थी. इस बीच बीती देर रात मोतीपुर थाना क्षेत्र के भवानीडीह बाँध पर किसी बड़े लूटकांड को अंजाम देने की नियत से अपराधियों के जमावड़े की सूचना डीएसपी पश्चिमी को मिली.
सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी के नेतृत्व में मोतीपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार, मोतीपुर थाना के पुअनि श्यामलाल राम, पुअनि सिंधेश्वर प्रसाद सिंह, सअनि सदावृक्ष पासवान व पुलिस बल ने चिन्हित स्थल की घेराबंदी करते हुए छापेमारी की. छापेमारी के दौरान तीन अपराधियों को मौके पर से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के बरजी निवासी समाजसेवी व पूर्व प्रखंड प्रमुख गजाधर प्रसाद राय के पुत्र निशांत कुमार उर्फ़ चिंकी राय उर्फ़ करण राय, मोतीपुर थाना क्षेत्र के सिन्धैला शंकर टोला निवासी रामनाथ राय के पुत्र अमित कुमार और पूर्वी चम्पारण के मेहसी थानांतर्गत कोठिया हरिराम निवासी रामाकांत सहनी के पुत्र संतोष सहनी के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान उनके पास से 7.65 एमएम का एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच राउंड जिन्दा कारतूस, दो मोबाइल फ़ोन और 3 मोटरसाइकिल बरामद किया गया. आशंका जताई जा रही है की बरामद बाइक संभवतः लूटे हुए या चोरी के हैं. पुलिस टीम बरामद मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है वहीं परिवहन विभाग की मदद से बाइक की जांच में लगी है.
गिरफ़्तार पूर्व प्रखंड प्रमुख पुत्र निशांत कुमार समेत तीन अपराधियों की गिरफ़्तारी से लगभग आधे दर्जन कांडो का उद्भेदन करते लिया गया है. गिरफ्तार अपराधियों ने गत 45 दिनों के अंदर मोतीपुर में तीन समेत पूर्वी चम्पारण के मेहसी और चकिया में एक-एक आपराधिक मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है, जिसमें 103/19, 128/18, 153/19, 66/19, 47/19 आदि प्रमुख मामले हैं. चकिया थाना क्षेत्र में घटना के दौरान लूटा गया मोबाइल निशांत की निशानदेही पर चकिया में बरामद कर लिया गया है.
पुलिस गिरफ्त में आये निशांत उर्फ़ चिंकी उर्फ़ करण के बारे में बताया जाता है की वह काफी शातिर और पुराना कुख्यात अपराधी है. अपने पिता की सामाजिक प्रतिष्ठा का लाभ उठाते हुए उसने शराब के कारोबार में भी पैसा कमाया है. निशांत पर मोतीपुर थाना में लूट, आर्म्स एक्ट समेत उत्पाद अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज़ हैं. जिसमें 18/13, 894/18, 54/19 आदि मामले हैं. पुलिस मामले की जांच करते हुए अपराधियों के बयान के आधार पर अन्य लुटेरों की गिरफ़्तारी में जुटी है. प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह व पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद उपस्थित रहे.
विगत दो महीनों में ही अपराधियों ने मोतीपुर थाना क्षेत्र में लगभग दर्जन भर अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया है, जिसमें से कुछ ही मामलों का उद्भेदन हुआ है. इन सबके अलावा और भी कई ऐसे मामले हैं, जिसमें पुलिस अब तक किसी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुँच सकी है जिनमें 15 मार्च को नरियार नवादा मन के समीप बरुराज निवासी शिक्षक नाजिर असरार से बाईक लूट, बलमी चौक पर पिस्टल के बल पर किराना व्यवसायी सुरेन्द्र गुप्ता से 20 हजार की लूट, 17 मार्च को मोतीपुर थाना क्षेत्र के बगही स्थित चौदह भंवरी के पास जहांगीरपुर पठानटोली निवासी मोहम्मद ईसा को चाकू मारकर बाईक लूट, 25 मार्च को मोतीपुर फ्लाईओवर पर लूट के दौरान गोली मार दी गई थी, आदि जैसे मामले शामिल हैं.