MUZAFFARPUR : मोतीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 475 कार्टून शराब बरामद, दो गिरफ्तार

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में मोतीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार अहले सुबह अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिलेभर में व्यापक रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाए जा रहे है. बीती रात वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली की हरियाणा से मोतीपुर के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप जिले में प्रवेश करने वाली है.

सूचना के मद्देनजर पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में मोतीपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार, मोतीपुर थाना के पुअनि श्यामलाल राम, पुअनि सिंधेश्वर प्रसाद सिंह, सअनि सदावृक्ष पासवान व पुलिस बल ने घेराबंदी करते हुये मोतीपुर मुजफ्फरपुर हाईवे पर वाहन जांच शुरू कर दी इस दौरान एनएच 28 पर मोहम्मदपुर मोड़ के निकट पंजाब की पीबी 08 एडब्लू 9765 नम्बर की एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोक कर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उक्त ट्रक में अंडे के खाली ट्रे के पीछे कार्टूनों के अंदर छुपा कर रखे गए इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 475 कार्टून विदेशी अवैध शराब बरामद किया गया.

इसके साथ ही हरियाणा के भिवानी जिले के सदर थाना क्षेत्र के ढाणा लाडनपुर निवासी ट्रक चालक अंशु उर्फ श्याम और खलासी सतीश को गिरफ्तार कर लिया गया. चालक व खलासी का मोबाईल भी जप्त किया गया है. जप्त मोबाईल को पुलिस खंगाल रही है जिससे यह पता लगाया जा सके कि बरामद शराब के पीछे किस शराब कारोबारी का हाथ है और इस शराब की डिलीवरी कहां देनी थी. जानकारी के अनुसार शराब कि इस बडी़ खेप का इस्तेमाल चुनाव के दौरान किया जाना था. 475 कार्टून में बरामद शराब 4033 लीटर बतायी जाती है.

एसएसपी ने इस बाबत प्रेस काॅन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस मामले की जाँच में जुटी है, जल्द ही शराब कारोबारियों को चिन्हित कर उनके समस्त नेटवर्क को ध्वस्त कर गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली जायेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.