MUZAFFARPUR : कटरा में वर्चस्व को लेकर गोलीबारी, 3 घायल, जोनल आईजी ने डीआईजी को दिये कार्रवाई के निर्देश

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में अपराध की घटनाओं में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है. एक मामले को पुलिस सुलझाती नहीं कि इसी बीच दूसरी घटना घटित हो जा रही है. कटरा थाना क्षेत्र के अम्बेडकर नगर में बाइक सवार दो अपराधियों ने गुरुवार की शाम अंधाधु़ध फायरिंग कर दी. घटना में तीन व्यक्तियों के गंभीर रुप से घायल होने की खबर है जिन्हें एसकेएमसीएच में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है. इस मामले में तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने संज्ञान लेते हुये पुलिस उपमहानिरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह को शुक्रवार को कटरा में कैम्प करते हुये जांच पड़ताल कर कार्रवाई का निर्देश दिया है.

जानकारी के अनुसार गुरुवार संध्या 4:30 बजे के आसपास बाईक सवार दो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसमें अम्बेडकर नगर निवासी रघुनाथ पासवान, मुन्ना चौधरी और रवि कुमार घायल हो गए. आनन फानन में उन्हें स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया जहाँ घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुये उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया. जहाँ घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही कटरा थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँच कर मामले की छानबीन की. बताया जाता है कि वर्चस्व की लडाई को लेकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है. विगत ढाई महीने में फायरिंग की यह चौथी घटना है.

जोनल आईजी श्री खान ने इस मामले में संज्ञान लेते हुये पुलिस उप महानिरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह को शुक्रवार को कटरा में जांच पड़ताल कर वस्तुस्थिति से अवगत होते हुये अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाये जाने के दिशा निर्देश जारी किये हैं.

मुज़फ़्फ़रपुर जिला के कटरा में दिनदहाड़े गोलीबारी और तीन लोगों को गोली लगने के मामले में घटना से आक्रोशित कटरा निवासियों ने शुक्रवार से कटरा में अनिश्चिकालीन बन्दी का एलान किया है जिसमें बाजार के सभी लोग शामिल होंगे. बता दें कि लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदात और घटना से कटरा के लोगों में दहशत व्याप्त है.

गौरतलब हो कि मंगलवार 26 मार्च को भी कटरा थाने के नजदीक ही कटरा बाजार, बैंक, दरगाह चौक व थाने के सामने मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े अपराधियों ने लगभग एक दर्जन राउंड गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी थी. इससे पास में स्थित बैंक में मौजूद ग्राहकों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई थी. पुलिस ने सड़क से दो खोखे भी बरामद किए थे.

कटरा थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने घटना में शामिल अपराधियों में से पांच की पहचान कर लिए जाने की बात कहते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही गिरफ्तार करने की बात भी कही थी. सूत्र बताते हैं कि 24 मार्च को अपराधियों के दो गुटों में वर्चस्व को लेकर तीखी झड़प हुई थी जिसे लेकर दहशत फैलाने के उद्देश्य से मंगलवार 26 मार्च को फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया. इससे पहले चचरी पुल विवाद को लेकर बसघट्टा से लौट रहे अपराधियों ने कटरा थाना के सामने बेखौफ फायरिंग कर पुलिस को चुनौती दी थी.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कटरा में कई बेरोजगार युवा अपराध की राह पर चल पड़े हैं. वर्तमान दौर में कटरा अब कुख्यात अपराधियों का गढ़ माना जाने लगा है, जहाँ फायरिंग तो आम बात हो गई है. समीर कुमार हत्या मामला हो या धर्मेंद्र सिंह उर्फ जुगनू सिंह पर कोर्ट में फायरिंग, कोई बड़ी लूट हो या अत्याधुनिक स्वचालित हथियार से जुड़े संगीन अपराध, हर बड़ी घटना के तार आकर कटरा धनौर से ही जुड़ते मिलते हैं.

हालांकि इस तरह की घटना घटित होने से व्यवसायी वर्ग दहशत में जीने को मजबूर हैं. उनका कहना है कि रंगदारी मांगे जाने की घटना से वे खौफ में जीने को विवश हैं. कुछ दिनो पूर्व एक आभूषण व्यवसायी से भी रंगदारी मांगी गई थी. बता दें कि कटरा थाना क्षेत्र के धनौर में दो कुख्यात आपराधिक गिरोह के बीच एक लंबे समय से अदावत जारी है. इस क्रम में वर्चस्व को लेकर पहले भी कई हत्याएं हो चुकी है, और हाल के दिनों में भी टकराव देखा जा रहा है. यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में गैंगवार की खूनी टक्कर जैसी स्थिति से इंकार नहीं किया जा सकता.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading