MUZAFFARPUR : अधिकारियों संग आयुक्त ने किया मतगणना स्थल व वज्रगृह का निरीक्षण

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : प्रमंडलीय आयुक्त नर्मदेश्वर लाल ने आज गुरुवार को लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर बाजार समिति स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया और मतगणना से संबंधित आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया. मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) रविंद्र कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, नगर आयुक्त संजय दुबे, अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी कुंदन कुमार भी उपस्थित रहे. सभी पदाधिकारियों ने मतगणना स्थल और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और समय पर ईवीएम सीलिंग कार्य करने के निर्देश दिए.

तिरहुत प्रमंडल आयुक्त ने मतगणना कक्ष, वज्रगृह समेत अन्य तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया. बारी-बारी से विभिन्न विधानसभा वार बनाये गए वज्र गृह एवं मतगणना कक्षों, मीडिया दीर्घा का जायजा लिया. इसके पूर्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने लोकसभा चुनाव के बाबत की जा रही तैयारियों से आयुक्त श्री लाल को अवगत कराया. मतगणना को लेकर की जा रही तैयारियों पर आयुक्त संतुष्ट दिखें.

उन्होंने पुलिस प्रशासन को स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा और शान्ति व्यवस्था बनाये रखते हुए मतगणना में लगे कार्मिकों, सहायक स्टाफ, मीडिया, उम्मीदवार और उनके एजेन्ट सहित विभिन्न पक्षों के प्रवेश व निकासी को व्यवस्थित और गतिशील बनाए रखने के हर सम्भव प्रयास करने के भी निर्देश दिए. साथ ही विद्युत विभाग को मतगणना हाॅल के भीतर व बाहर स्थल पर लाइट की निर्बाध व्यवस्था बनाए रखने के भी निदेश दिये.

डीआईजी रविन्द्र कुमार व एसएसपी मनोज कुमार ने मतगणना स्थल पर कर्मियों के प्रवेश की व्यवस्था, मतगणना अधिकर्ताओं के प्रवेश की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, ड्राप गेट बेरिकेटिंस, सुगम आवागमन व्यवस्था आदि का जायजा लिया. इस दौरान आयुक्त के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी द्वारा स्ट्रांग रूम, मतगणना हाॅल, मीडिया गैलरी इत्यादि के साथ ही मतगणना के दिन मतगणना स्थल के भीतर और बाहर सभी तरह की व्यवस्थाओं का मुआयना करते हुए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading