
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर रेल जिला अंतर्गत सभी 11 जिलों के रेल थानों में यात्रियों और जनता में सुरक्षा की भावना का एहसास कराने के दृष्टिगत रेल पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह द्वारा पुनः एक सार्थक प्रयास किया जा रहा है. यात्रियों को जागृत करते हुए रेल अपराध नियंत्रित करने की दिशा में रेल पुलिस सतत प्रयासरत है. इस दिशा में रेल पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश पर सभी रेलवे स्टेशन पर नशाखुरानी गिरोह से बचाव को लेकर यात्रियों को माइक से जागरुक किया जाता है. उन्होंने कहा की नशाखुरानी के साथ ही लोकसभा चुनाव को देखते हुए सभी रेल थानाध्यक्ष व अधिकारियों को अपराधियों की गिरफ्तारी व असमाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई के साथ ही अवैध शराब-हथियार तस्कर, चुनाव को लेकर अवैध राशि लेन-ले जाने वालो पर भी निगाह रखने के आदेश दिये गये हैं. इस सिलसिले में सेक्शनवार नियमित मार्ग रक्षण गश्ती, संदिग्ध यात्रियों की तलाशी व स्टेशन पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है.

परदेस से अपना खून पसीना बहाकर कमाकर घर लौटने के दौरान नशाखुरानी गिरोहों द्वारा भोले-भाले लोगों को जाल में फांस कर निशाना बनाते हुए विभिन्न माध्यमों से नशा खिलाकर लूट लिये जाने की घटना से अक्सरहां रेल पुलिस दो-चार होती रहती है. कुछ मामलों में कभी-कभी पीड़ित की जान तक चली जाती है. दिल्ली-पंजाब आदि जैसे शहरों से कमा कर लौटने के दौरान ट्रेन के बिहार सीमा में प्रवेश से पहले कानपुर, गोरखपुर के आसपास रेल यात्रियों को निशाना बनाये जाने के अधिकतर मामले सामने आये हैं.

रेल पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया की इस दिशा में योजना के तहत कार्य करते हुए विगत 10 वर्षों के नशाखुरानी गिरोह के आरोपित सदस्यों की सूची तैयार कर सत्यापन का कार्य किया जा रहा है, जिस दौरान वर्तमान में मुजफ्फरपुर रेल जिला अंतर्गत जिलों के नशाखुरानी गिरोह के लगभग 130 सदस्यों को चिन्हित किया गया है. तैयार सूची थानावार सत्यापन हेतु सम्बंधित थानों को दिया गया है. अभी तक तैयार सूची के 60 प्रतिशत आरोपितों का सत्यापन कार्य पूर्ण किया जा चुका है. शेष प्रक्रिया में है. सत्यापन के दौरान अधिकांशतः आरोपित काम-धंधो से जुड़कर सम्मानजनक जीवन यापन करते घर पर ही पाए गए.

सम्पूर्ण सूची तैयार होने के बाद वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में रेल पुलिस बल के तेज़-तर्रार अधिकारियों को सम्मिलित कर एक इंटीग्रेटेड पुलिस टीम बनाये जाने की बात रेल एसपी ने कही. उन्होंने कहा की इंटीग्रेटेड टीम में शामिल अधिकारी वैसे चिन्हित लोगों की टोह लेगी जो सत्यापन के दौरान न तो घर पर पाए गए, न ही जिनके बारे में कोई संतोषजनक सूचना उपलब्ध हो सकी. अभी तक ऐसे 07 मामले संज्ञान में आ चुके हैं, जिनमे वैशाली, बगहा, बेतिया, सिवान के 01-01 और पश्चिमी चम्पारण के 03 मामले शामिल हैं.

चार्जशीटेड आरोपितों के सम्बन्ध में सत्यापन के दौरान पुलिस आरोपित के घर और उसके आसपास जाकर जनप्रतिनिधियों से तफ्तीश करती है की आरोपित वर्तमान में गिरोह के साथ ही जुड़ा है या समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर मेहनत मजूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा है? अगर मेहनत मजदूरी कर रहा है तो किस जिले में, आरोपित का मोबाइल नं., परिजनों के मोबाइल नं. के साथ ही कार्यालय का दूरभाष संख्या, पता वगैरह. रेल एसपी ने कहा की परिजनों के मोबाइल नं. के आधार पर सीडीआर (कॉल डाटा रिकॉर्ड) के आधार पर आरोपित का टावर लोकेशन चिन्हित हो जायेगा और एसडीआर निकलवा कर नाम, पता आदि की जानकारी हासिल होते ही पुलिस आरोपितों तक आसानी से पहुँच सकेगी. इस दौरान रेल पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस का काम आम जनता के साथ भागीदारी निभाते हुए उनकी सुरक्षा करना है. यात्रियों और आम जनता की सुरक्षा व अपराधिक घटनाओं नकेल कसने की दिशा में रेल पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमे आशातीत सफलताएं भी मिल रही है.
