
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : पुलिस के लिये सिरदर्द बन चुका पश्चिमी दियारा क्षेत्र के लिये आतंक का पर्याय माने जाने वाले कुख्यात अन्तर्जिला अपराधी मोहम्मद बाबर मियां के आपसी गैंगवार में मारे जाने की सूचना से जहाँ एक ओर पुलिस प्रशासन ने चैन की सांस ली है वहीं मोहम्मद बाबर की मौत से क्षेत्र के व्यवसायी भी बड़ी राहत महसूस कर रहे हैं. वहीं मृतक के परिजनों द्वारा साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुये इलाके के एक मुखिया को आरोपित करते हुये थाना में आवेदन दिया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार संध्या में पश्चिमी दियारा का कुख्यात अन्तर्जिला अपराधी मोहम्मद बाबर मियां छपरा सीमा के पास स्थित पारु के जयमल डुमरी स्थित अपने घर के सामने बैठा था, इसी बीच लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार हैलमेट पहने दो युवक उसके पास रुके और बाबर की तरफ पिस्टल से दनादन फायर कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृ’त्यु हो गई. गोलियाँ चलने से आसपास के लोग दहशतजदा हो गये और कुछ देर के लिये अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया. कुख्यात अपराधी मोहम्मद बाबर मियां के घर के समीप ही गैंगवार में मारे जाने की खबर फैलते ही घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. पारु थानाध्यक्ष दल-बल घटनास्थल पर पहुँच कर छानबीन की, घटनास्थल से 9 एमएम के 13 खाली खोखे बरामद किये गये, वहीं मृतक के कपड़ों की तलाशी के दौरान मृतक मोहम्मद बाबर का आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया गया. मृतक बाबर को सीने, पैर और पेट के आसपास गोलियों से छलनी किये जाने के निशान मिले हैं और इसकी गवाही घटनास्थल से बरामद 13 खोखे दे रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही पारु सर्किल इंस्पेक्टर धनंजय कुमार व एसडीपीओ डाॅ. शंकर झा समेत पारु थाना पुलिस ने घटनास्थल पर जाँच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण हेतु एसकेएमसीएच भेज दिया. इस दौरान मृतक बाबर मियां की भाभी रानी परवीन ने पारु थाना में आवेदन देकर गाँव के छोटे मुखिया को हत्या का आरोपित बताते हुये कहा कि मृतक बाबर का छोटे मुखिया से विवाद चल रहा था इस कारण साजिश के तहत बाबर की हत्या कर दी गई है.

MOHAMMAD BABAR MIYA (FILE PHOTO)
सरैया एसडीपीओ डाॅ. शंकर झा द्वारा जयमल डुमरी ग्राम में मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में 05-06 अप्रैल 2018 की रात्रि गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद से ही वह जेल में था और हाल फिलहाल ही जमानत पर छूट कर जेल से बाहर आया था. बताया जाता है कि मोहम्मद बाबर मियां के खास साथी विकास उर्फ भुल्लर की भी हत्या ठीक ऐसे ही आपसी गैंगवार में शुक्रवार को ही 28 दिसम्बर 2018 को हुई थी.

VIKAS KUMAR @ BHULLAR (FILE PHOTO)
पश्चिमी क्षेत्र में कुख्यात विकास कुमार उर्फ भुल्लर मुरौल में अपराधियों के हाथों ही मारा गया था. मुरौल की मीरापुर पंचायत के मोहनपुर गांव में तिरहुत नहर के बांध स्थित सुनसान जगह पर शनिवार 29 दिसम्बर 2018 की सुबह खून से लथपथ उसका शव मिला था. जेब में मिले एक पुर्जे के आधार पर उसकी पहचान की गई थी. पारू निवासी भुल्लर के सिर में 5 गोलियां मारी गई थीं. घटनास्थल से पुलिस ने 5 खोखे भी बरामद किये थे. पश्चिमी दियारा इलाके के लिये आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात मोहम्मद बाबर मियां के साथ ही विकास उर्फ भुल्लर भी जिला पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया था. बाबर का गिरोह लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था. साथ ही बेखौफ होकर पुलिस अधिकारियों को फोन कर धमकी भी देता था.

भुल्लर को अपराधियों द्वारा गैंगवार में मारे जाने की बात कही जाती है. संभावना जताई गई थी कि नवम्बर 2018 में जिले के सरैया के जैतपुर क्षेत्र में गार्ड को गोली मार कर लूट के 52 लाख रुपये के आरोपित कुख्यात विकास उर्फ भुल्लर को लूटे रुपयों के बंटवारे को लेकर उसके दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर दी थी. वहीं पुलिस महकमे में शराब के धंधे को लेकर उपजे विवाद में उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही थी. मोहम्मद बाबर मियां का साथी विकास कुमार उर्फ भुल्लर पर सरैया के जैतपुर थाना क्षेत्र में कैश सर्विस एजेंसी के गार्ड को गोली मार कर 52 लाख रुपए लूट की वारदात समेत एक दर्जन अापराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई थी.

05-06 अप्रैल 2018 को एसडीपीओ द्वारा गिरफ्तार बाबर और सुरेन्द्र भगत (फाईल फोटो)
04 अप्रैल 2018 को बाबर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरैया के मोती चौक पर स्वर्ण व्यवसाई टेनी साह के घर पर रंगदारी नहीं देने पर बम से हमला किया था. घटना के बाद तत्कालीन वरीय पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के दिशा निर्देश पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुये 05-06 अप्रैल 2018 की रात्रि में सरैया एसडीपीओ डाॅ शंकर झा के नेतृत्व में पारु, सरैया की पुलिस टीम ने इलाके में नाकेबंदी कर बाबर मियां के ठिकाने पर छापेमारी की गई थी. पुलिस छापेमारी के दौरान बाबर और भुल्लर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एसडीपीओ डाॅ. शंकर झा पर हमला कर दिया था. पुलिस मुठभेड़ के दौरान बाबर के अन्य साथी चंदन, राहुल और विकास उर्फ भूल्लर फरार हो गये थे. हालांकि, सरैया एसडीपीओ द्वारा जान पर खेल कर वैशाली में चौकीदार की हत्या का आरोपित सुरेंद्र भगत और मोहम्मद बाबर मियां को घायलावस्था में दबोच लिया गया था.

तलाशी के दौरान पुलिस ने बाबर के पास से 12 राउंड का 9 एमएम का एक पिस्टल, एक मैगजीन, दो खोखे, दो राउंड जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और इंटरनेट कालिंग युक्त एक मोबाइल सेट बरामद किया गया था. वहीं, सुरेंद्र के पास से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल सेट और दो डोंगल बरामद किया था. मोहम्मद बाबर मियां का गिरोह इन्टरनेट कॉलिंग करके बड़े व्यवसायियों से रंगदारी मांगता था ताकि उसका लोकेशन नहीं मिल सके. रंगदारी नहीं देने पर बमबाजी और फायरिंग कर दहशत कायम करता था.

बाबर मियां समेत गिरोह के अपराधियों पर पारू के अलावा सारण, सरैया, करजा, देवरिया, पारू, वैशाली आदि थानों में एक दर्जन से अधिक लूट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य संगीन मामले दर्ज हैं. एसडीपीओ सरैया डॉ शंकर कुमार झा के अनुसार मृतक बाबर व भुल्लर पर रंगदारी, लूट, वैशाली में चौकीदार गणेश राय की हत्या आदि मुकदमे दर्ज हैं. पारू थाने में तीन, सरैया में दो, देवरिया में एक, करजा थाने में पेट्रोल पंप लूट समेत कई मामले दर्ज हैं.
