MUZAFFARPUR : अंडा व्यवसायी लूट कांड का 36 घंटों में उद्भेदन, कर्मचारी ने ही रची थी लूट की साजिश, 5 गिरफ्तार

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : गत 22 अप्रैल को अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर पुल के पास अंडा व्यवसायी से लूट मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 अपराधकर्मियों समेत लाइनर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने कहा की 22 अप्रैल सोमवार दोपहर 1:30 बजे अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगरनाथ निवासी अंडा व्यवसायी मो. इसरार बैरिया स्थित बैंक में जमा कराने जा रहे थे. इस बीच अहियापुर के दादर पुल के समीप इमली चौक पर पीछे से आ रहे पल्सर गाड़ी पर सवार तीन अपराधकर्मियों ने ओवरटेक कर उनकी गाडी गिरा दी और हथियार का भय दिखा कर रुपयों से भरा बैग छीनने के साथ ही उनकी अपाचे बाइक भी लूट ली थी. व्यवसायी ने अपराधियों द्वारा लुटे गए बैग में  तीन लाख 92 हज़ार होने की बात पुलिस को बताई गई थी.
सीसीटीवी फुटेज में हो गयी थी लुटेरों की पहचान 
घटना के उपरांत जांच के दौरान पुलिस लाइन के पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गयी थी. पुलिस टीम की निगाह लूट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए एक अपराधी पर थी, जिसे पकड़ने के लिए अस्पतालों पर भी पैनी निगाह रखी जा रही थी.
अंडा व्यवसायी की कर्मचारी निकला लाइनर 
पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच पड़ताल करते हुये सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तकनीकी और मानवीय श्रोतों का सहारा लेते हुये छापेमारी कर घटना में शामिल अपराधियों में से मुख्य लाइनर ग़ुलाम रसूल को अहियापुर थाना क्षेत्र के निरपुर पटियासा से गिरफ्तार कर लिया गया. जिसने घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों के नाम पुलिस को बताये.  पुलिस टीम ने एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
लूट में प्रयुक्त बाइक समेत लूट की राशि बरामद 
गिरफ्तार अपराधियों में कटरा थाना के धनौर निवासी दिव्यांक कुमार, अहियापुर थाना क्षेत्र के राधोपुर निवासी राकेश कुमा, दादर निवासी भवानी शंकर और शहबाजपुर निवासी राजा शर्मा को घटना में उपयोग किये पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस टीम ने इनके पास से तलाशी के दौरान 03 मोबाइल, एक लूटी हुई अपाचे बाइक के साथ ही लूट की राशि में से बचे 12 हजार रुपये भी बरामद की है.  गिरफ्तार लाइनर गुलाम रसूल अंडा व्यवसायी का ही कर्मचारी बताया जाता है, जिसने अपने मालिक के साथ लूट की साजिश रची थी. गिरफ्तार अपराधियों ने बताया की लूट के उपरान्त व्यवसायी का खाली बैग दादर पुल के नीचे फेंक दिया था.
गलत बताई गयी थी लूट की राशि 
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया की लूट में बड़ी रकम हाथ लगने की बात लाइनर द्वारा बताई गयी थी, पर बैग में 15 हज़ार रुपये ही थे. जिसमें से 3000 रुपये लूट के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हुए भवानी शंकर के इलाज में ही खर्च हो गए.  इस सम्बन्ध में एसएसपी ने बताया की व्यवसायी द्वारा गलत जानकारी दिए जाने की दिशा में भी जांच की रही है.
गिरफ्तार अपराधियों का रहा है आपराधिक इतिहास 
गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस गिरफ्त में आये अपराधियों में राजा शर्मा लूट में प्रयुक्त पल्सर का मालिक बताया जाता है, और अवैध शराब कारोबारी भी है. वहीं दिव्यांक कुमार पुराना हिस्ट्रीशीटर है और कई मामलों में जेल जा चूका है. राकेश कुमार भवानी शंकर मोटरसाइकिल लूट समेत कई लूट कांडो के आरोपित बताये जाते है. इनके खिलाफ अहियापुर थाने में कई मामले दर्ज हैं.
कांड की उद्भेदन पर अहियापुर एसएचओ को शाबाशी 
36 घंटों के अंदर मामले के सफल उद्भेदन पर वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने अहियापुर थानाध्यक्ष सोना प्रसाद सिंह को शाबाशी देते हुए हौसला अफजाई भी की.
मामले के उद्भेदन हेतु सिटी एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित 
वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के दिशा निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु सिटी एसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन, पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी गौरव पाण्डेय, अहियापुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सोना प्रसाद सिंह, कटरा थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार, पुअनि नरेंद्र कुमार के साथ पुलिस बल को शामिल कर टीम गठित की गई थी.
 
थाना क्षेत्र में त्वरित उद्भेदन का दूसरा मामला 
यह दूसरा मामला है जब अहियापुर पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए घटना का उद्भेदन करने में कामयाबी हासिल की है. इससे पूर्व मंगलवार 9 अप्रैल की देर शाम आलू प्याज व्यवसायी से हुए लगभग 3 लाख रुपये लूट मामले में भी 6 घंटो के भीतर मुख्य लाइनर, समेत एक अपराधी को लूट में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार करते हुए लूटकांड का उद्भेदन कर 5 हजार रुपये बरामद कर लिया गया था.
स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी 
एसएसपी मनोज कुमार ने कहा की गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं. इसी माह में चार्जशीट दाखिल कर अभियुक्तों को सजा दिलवाने की कार्रवाई की जाएगी. वहीं अपराधियों के पास से बरामद मोबाइल के सीडीआर के आधार पर गिरोह के अन्य अपराधियों की जानकारी जूटा कर पुलिस टीम जांच कर अग्रेत्तर कार्रवाई में जुटी है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading