रायपुर. दशहरा, दिवाली, ईद और फिर चुनाव…। गिफ्ट तो बनता है। पार्टी, प्रत्याशी, मतदाता और मुद्दों की तरह इस बार उपहारों ने भी ट्रेंड बदल लिया है। यह दिवाली चुनावी उपहारों के साथ मनने वाली है। महिलाओं को बैग के साथ शृंगार का पूरा किट तो पुरुषों को मौसम देखते हुए शॉल, पैंट-शर्ट के साथ नगदी भी बंटने लगी है।
महिलाओं के बैग में चांदी की पायल और साड़ी-लिपिस्टिक का उपहार
महिलाओं को दिए जा रहे बैग में चांदी की पायल, साड़ी, लिपस्टिक, डव साबुन, बिंदी से लेकर वे तमाम चीजें हैं जो सजने-संवरने में काम आती हैं। कुछ प्रत्याशियों ने खासतौर पर ये सारा सामान बड़े शहरों से ऑर्डर देकर मंगवाया है, वहीं शहर के भी होलसेलर ऑर्डर के हिसाब से उनकी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। चुनाव के पहले वोटरों को रिझाने का काम शुरू हो गया है।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मतदाताआें को गिफ्ट पैकेट दिए जा रहे हैं। बल्क में दिए जा रहे गिफ्ट के बारे में सिर्फ उन्हीं लोगों को पता होता है जिन्हें यह दिया जाना है या फिर जो दे रहे हैं। यही वजह है कि रायपुर में पिछले एक सप्ताह के दौरान कहीं साड़ियां, कहीं बैग में चार-पांच अलग-अलग प्रकार के सामान तो कहीं चप्पलें तक बांटी गईं हैं।
यही नहीं, सामान बांटने का काम लगातार जारी है। सूत्रों के मुताबिक इस तरह के सामान वहीं लोग बांट रहे हैं, जिनकी टिकट लगभग पक्की है। यह काम स्थानीय जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के जरिए करवाया जा रहा है। ज्यादातर गिफ्ट पारा-माेहल्लों में बीपीएल श्रेणी के लोगों को बांटे जा रहे हैं। वजह भी है, क्योंकि ऐन वक्त पर मत के साथ जनादेश पलटने की ताकत भी इन्हीं में है।
जिन्हें नहीं मिला वे हो रहे नाराज
गिफ्ट बांटने का काम किसी खास स्थान पर किया जा रहा है। इन स्थानों का पता गुपचुप तरीके से महिलाआें तक पहुंचाया जा रहा है। एक इलाके की महिलाएं आटो में भरकर गिफ्ट लेकर पहुंची। मोहल्ले की दूसरी महिलाआें को इसकी खबर लगी तो वो भी उनके घर पहुंच गईं। लेकिन सामान नहीं मिलने से वो भी नाराज होकर लौट गईं।
सरगुजा में शॉल व साड़ियाें की हो चुकी है जब्ती
आचार संहिता लगने के दूसरे दिन ही सरगुजा वोटरों को बांटने के मंगाई गई शॉल व साड़ियां जब्त की गई हैं। यहां के घुटरापारा में 15 शॉल व 18 साड़ियां लावारिस पड़ी थीं। बताया जा रहा है कि ये कपड़े एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के लोगों द्वारा मंगाए गए थे।
प्रत्याशी तय नहीं, सामान किसका, ये भी सवाल
अभी प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं। ऐसे में बांटे जा रहे सामान को जब्त करने को लेकर भी संशय की स्थिति है। जानकारों का कहना है कि बांटे जा रहे सामान में न तो किसी प्रत्याशी का नाम है आैर न ही किसी पार्टी का चुनाव चिन्ह। ऐसे में यह सामान कौन-कैसे बांट रहा है, इसे लेकर सवाल है।