ग्वालियर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मध्य प्रदेश दौरे के अगले पड़ाव में आज ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर संभाग में होंगे। भाजपा ने शाह के दौरे से सिंधिया के गढ़ में सेंध लगाने की पूरी तैयारी की है। वह शिवपुरी, गुना और फिर ग्वालियर में कार्यकर्ताओं की रैली, रोड शो और सम्मेलन करेंगे। अमित शाह पहली बार ग्वालियर के दौरे पर आ रहे हैं।
रैली और रोड शो से पहले अमित शाह झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और फिर राजमाता विजयाराजे सिंधिया की समाधि पर फूल चढ़ाने जाएंगे। प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के बढ़ते कदम से बेचैन भाजपा अब राजमाता का गुणगान कर रही है। पहले सिंधिया पर हमला और अब राजमाता के लिए उमड़ते प्रेम पर कांग्रेस चुटकी ले रही है।
पिछले 3 दिन के भीतर अमित शाह का ये दूसरा मध्य प्रदेश दौरा है। शनिवार को उन्होंने मालवा में इंदौर-उज्जैन का दौरा किया था। अमित शाह मध्य प्रदेश में संभाग के हिसाब से दौरे कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं का सम्मेलन बुला रहे हैं।ऐसा रहेगा अमित शाह का कार्यक्रम
सुबह 11:00 बजे विशेष विमान से अमित शाह ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी आएंगे।
11:15 बजे अमित शाह ग्वालियर से हेलीकॉप्टर से शिवपुरी रवाना होंगे।
दोपहर 2:30 बजे शिवपुरी से गुना के लिए रवाना होंगे।
गुना में 3:00 बजे से रोड शो करेंगे। शाम 5:45 पर ग्वालियर लौटेंगे।
ग्वालियर में शाम 6:30 बजे वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और इसके बाद राजमाता विजयाराजे की की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
शाम 7:30 बजे संस्कृति गार्डन में युवा सम्मेलन में शामिल होंगे।
रात 8:45 पर अमित शाह ग्वालियर से दिल्ली रवाना होंगे।
यह रहेगा रूट : शाम 5.15 बजे एयरपोर्ट पर शिवपुरी से ग्वालियर जाएंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से सबसे पहले लक्ष्मीबाई समाधिस्थल जाएंगे। एयरपोर्ट से रेसकोर्स रोड होते हुए मानसिंह चौराहे से सिटी सेंटर, एजी पुल के नीचे, बसंत विहार से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पहुंचेंगे। यहां से राजमाता की छत्री पहुंचेंगे। फिर एजी पुल से सिटी सेंटर, आकाशवाणी तिराहा होते हुए संस्कृति गार्डन पहुंचेंगे।
यहां 5 मिनट पहले रोका जाएगा ट्रैफिक
मुरार से मानसिंह चौराहे की ओर आने वाला ट्रैफिक पांच मिनट पहले रोककर वाहन आकाशवाणी तिराहे से निकाले जाएंगे।
यूनिवर्सिटी तिराहे पर अलकापुरी की ओर से आने वाला ट्रैफिक रोककर अलकापुरी तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
बसंत विहार से एजी पुल की तरफ, फूलबाग से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल आने वाला ट्रैफिक रोका जाएगा।