राजस्थान में 2 दिन में 5 जिलों का दौरा करेंगे: राहुल गांधी

जयपुर. राहुल गांधी मंगलवार को राजस्थान आ रहे हैं। वे दो दिन में धौलपुर, भरतपुर, दौसा, जयपुर व बीकानेर का दौरा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने बताया कि 9 अक्टूबर को राहुल धौलपुर के मनिया पहुंचेंगे।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी हेलिकाप्टर से मनियां के फूलपुर स्टेडियम में पहुंचेंगे, जहां से वे पास में बने सभास्थल में पहुंचकर लोगों को संबोधित करेंगे। पीसीसी सचिव रोहित वोहरा ने बताया कि करीब ढाई घंटे तक आम सभा के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मनियां से रोड शो करते हुए धौलपुर बस स्टैंड आएंगे और यहां पर आगरा बस स्टैंड से सर्विस रोड होते हुए गुलाब बाग चौराहा, सर्किट हाउस, जगदीश चौराहा होते हुए बाड़ी के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके बाद बाड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की विशाल आम सभा दोपहर 12 बजे मेला ग्राउंड महाराज बाग सरमथुरा रोड पर आयोजित होगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी व्यस्त रहा।

तय करेंगे प्रत्याशी

भाजपा और कांग्रेस में टिकटों काे लेकर माथापच्ची भी शुरू हो गई है। सोमवार को कांग्रेस की प्रदेश इलेक्शन कमेटी की 3 घंटे से अधिक समय तक चली मैराथन मीटिंग में तय किया गया कि प्रत्याशियों के नाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के स्तर पर फाइनल होंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने एक लाइन का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी ने अपनी सहमति जता दी। प्रत्याशियों को दावेदारी पेश करने के लिए कमेटी की ओर से 12 अक्टूबर को एक और मौका मिलेगा।

इधर, भाजपा के टिकट फील्ड सर्वे के आधार पर तय होंगे। इसके लिए भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति के पदाधिकारी सोमवार से फील्ड के लिए निकलने शुरू हो गए।

वरिष्ठ नेताओं की तीन टीमें सर्वे के लिए 14 अक्टूबर तक प्रदेश दौरे पर रहेंगी। इसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, अर्जुन मेघवाल, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी.सतीश आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.