बॉलीवुड डेस्क. रेस-3 के फ्लॉप हो जाने के बाद सलमान खान ने रेमो डिसूजा की अगली फिल्म को करने से मना कर दिया है। रेमो ने खुद इस बात की जानकारी दी है। रेमो ने बताया कि ‘रेस-3 की आलोचना के चलते फिल्म को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।’ इस तरह से कबीर खान के बाद रेमो दूसरे ऐसे डायरेक्टर बन गए हैं, जिनके साथ सलमान ने ऐसा किया है।
रेस-3 से पहले ही सलमान से हो गई थी बात : रेमो
रेमो ने बताया कि बाप-बेटी की इमोशनल रिश्ते पर स्क्रिप्ट थी। इस स्क्रिप्ट को उन्होंने ‘रेस 3’ से पहले ही सलमान को सुना दी थी। सलमान को कहानी पसंद भी आई थी। सलमान ने फिल्म के लिए हामी भी भर दी थी। लेकिन अब इस फिल्म को उन्होंने रोक दिया है।
रेमो ने बताया कि सलमान ने ये तर्क देते हुए फिल्म रूकवा दी कि फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ के मिजाज की है। साथ ही ‘ट्यूबलाइट’ में तो किरदार ही बालबुद्धि वाला था। लिहाजा एक और बच्ची वाली फिल्म इस वक्त करना सही नहीं होगा।
फिल्म की स्टारकास्ट, लोकेशन भी हो गई थी फाइनल
रेमो ने बताया कि जिस फिल्म को सलमान ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है वो कब शुरू हो पाएगी ये तो सलमान ही बता सकते हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात तो ये हैं कि वे भी बिजी हैं और मैं भी बिजी हूं। उन्होंने बताया कि ‘रेस 3’ से पहले उस अगली फिल्म के लिए स्टार कास्ट तय हो चुकी थी। फिल्म का अनाउंसमेंट भी करने वाले थे। फिल्म की शूटिंग के लिए लोकेशन भी फाइनल हो चुकी थी।
रेस-3 के लिए रेमो की हुई थी जमकर आलोचना
सलमान खान की फिल्म ‘रेस 3’ का ट्रेलर आने के बाद से ही दर्शकों ने इसे बकवास कहना शुरू कर दिया था। फिर रिलीज के बाद फिल्म को दुनिया की 100 सबसे खराब फिल्मों में शामिल किया गया था। फिल्म के कंटेंट को लेकर डायरेक्टर रेमो डिसूजा की सोशल मीडिया और क्रिटिक दोनों ने कड़ी आलोचना की। हालांकि, सलमान पर उंगलियां कम उठीं, जबकि रेमो को ज्यादा कसूरवार बताया गया था। फिल्म के ऊबाऊ होने के इल्जाम भी रेमो पर ही लगे थे।