लोकसभा चुनाव का तीन चरण समाप्त हो चुका है और चौथे चरण के लिए चुनाव प्रचार शनिवार शाम तक खत्म हो जाएगा। समस्तीपुर की लोकसभा सीट पर कांग्रेस और लोजपा की दिलचस्प जंग देखने को मिल रही है। राजग ने समस्तीपुर सीट से लोजपा के वर्तमान सांसद रामचंद्र पासवान को उम्मीदवार बनाया है। रामचंद्र रामविलास पासवान के भाई हैं।
वहीं महागठबंधन से कांग्रेस ने डॉ. अशोक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। यहां इस बार कांटे की टक्कर नजर आ रही है। बड़े नेताओं का वार-पलटवार का सिलसिला चरम पर है। शुक्रवार 26 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने समस्तीपुर में प्रधानमंत्री मोदी पर हमला जारी रखते हुए नया नारा उछाला- ‘कुछ नहीं सब झूठा है, नरेंद्र मोदी ने लूटा है’। उन्होंने राहुल नाम के शख्स को मंच बुलाकर उसका हाल चाल भी जाना। मंच पर लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव और रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी मौजूद थे।

पासवान की ओर से उनके भाई रामविलास पासवान से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी जोर लगा रहे हैं। क्षेत्र में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी रैली कर चुके हैं। रामविलास पासवान और रामचंद्र पासवान चुनाव प्रचार में हर गांव में बिजली पहुंचने, हर घर में शौचालय एवं गैस सिलिंडर पहुंचने का जिक्र करते हैं। इस सबके बीच इस सुरक्षित सीट पर सवर्ण मतदाता के लिये ‘मोदी फैक्टर’ महत्वपूर्ण है।

एक बड़े वर्ग का मानना है कि केंद्र सरकार के कामकाज के आधार पर वे वोट करेंगे। लोगों का कहना है, ” नेता वोट ले लेते हैं, लेकिन उसके बाद मुड़के नहीं आते हैं, जीतने के बाद कुर्सी पकड़ के बैठ जाते हैं, लेकिन सामने भी तो कैंडिडेट ठीक नहीं है”। ये राय रखने वाले सिर्फ समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के फुलहारा पंचायत के जीतन राम और बैरनी गांव की निरमी देवी की नहीं, बल्कि रोसड़ा, कुशेश्वर स्थान से लेकर हायाघाट तक इस सुरक्षित सीट पर एक बड़े तबके की भी राय है।

समस्तीपुर से 1977 में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीते। 1978 के उपचुनाव में और 1980 के आम चुनाव में समाजवादी विचारधारा के नेता व जनता पार्टी के उम्मीदवार अजीत कुमार मेहता को समस्तीपुर ने अपना प्रतिनिधि चुना। 2004 के चुनाव में राजद प्रत्याशी आलोक कुमार मेहता सांसद बने।
लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन में समस्तीपुर अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हो गया और 2009 के चुनाव में यहां से जेडीयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी जीते। 2014 के चुनाव में लोजपा के रामचन्द्र पासवान सांसद बने। समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र में समस्तीपुर, कल्याणपुर, वारिसनगर एवं रोसड़ा के अलावा हायाघाट और कुशेश्वर स्थान विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में जदयू के चार, राजद और कांग्रेस के एक-एक विधायक हैं। भाजपा और लोजपा का एक भी विधायक नहीं है।