‘प्रधानमंत्री के भाषण उकसाने वाले होते हैं, जिस तरह की भाषा का वह इस्तेमाल करते है वह शर्मनाक है’ : ममता बनर्जी

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी मां और पत्नी का सम्मान नहीं करते हैं। पूर्वी मिदनापुर जिले के हेरिया में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘जिसने अपनी मां, अपनी पत्नी के प्रति कोई सम्मान नहीं दिखाया वह हमें देश के प्रति सम्मान करना कैसे सीखा सकता है? इस तरह के प्रधानमंत्री पर देश कभी भरोसा नहीं कर सकता है।’

बनर्जी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री के भाषण उकसाने वाले होते हैं। जिस तरह की भाषा का वह इस्तेमाल करते है वह शर्मनाक है।’ तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ने भाजपा नेताओं को झूठा और गुंडा बताया। उन्होंने कहा, ‘वह महत्वपूर्ण मुद्दों से आपका ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक प्रोपेगैंडा का इस्तेमाल कर रहे हैं। यदि इस तरह से चुनाव होने हैं तो कोई चुनाव नहीं होने चाहिए।’

यह पहली बार नहीं है जब बनर्जी ने मोदी पर निजी हमला किया हो। हालांकि उन्होंने अभी तक प्रधानमंत्री पर अपने परिवार का अपमान करने का आरोप नहीं लगाया था। आठ अप्रैल को कूच बिहार में रैली के दौरान उन्होंने कहा था, ‘क्या आपने कभी अपने परिवार की देखभाल की है? दूसरों को छोड़ दीजिए, क्या आपने अपनी पत्नी की देखभाल की है? आपको कैसे पता कि मां, बेटियां और बहनें कैसे रहती हैं?’

बनर्जी के रविवार को दिए बयान पर बंगाल भाजपा के महासचिन शायंतन बसु ने कहा, ‘यह शर्म की बात है कि एक मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री पर निजी हमले कर रही हैं। वह मोदी जी का राजनीतिक रूप से मुकाबला करने में असमर्थ हैं और इसी कारण निजी हमले कर रही हैं। यह कुछ और नहीं बल्कि उनके डर की अभिव्यक्ति है।’ निमतोरी में बनर्जी ने आरोप लगाया कि मोदी रैलियों में करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं लेकिन चुनाव आयोग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.