
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : आसन्न लोकसभा चुनाव और 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के दिशा निर्देश पर मुजफ्फरपुर जिले और इसके आसपास के क्षेत्रों में सघन जाँच व तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में पुलिस की विशेष जांच टीम ने जहाँ अवैध शराब के साथ एक किशोर को शराब के साथ गिरफ्तार किया वहीं दूसरी ओर एक हाईवे लुटेरे को हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. लुटेरे की गिरफ्तारी से कई लूटकांड का खुलासा होने की उम्मीद है.

मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला पुलिस पूरी चौकसी बरत रही है. वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के दिशा निर्देश के आलोक में शहर भर में पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों और थानाध्यक्षों के नेतृत्व में चौक चौराहों समेत होटल लाॅजों में जाँच व तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. आज सोमवार की संध्या डाॅग स्क्वायड ‘लियो’ के साथ पुलिस टीम ने नगर थाना क्षेत्र के सिकन्दरपुर में अभियान चलाया.

इस दौरान एक किशोर को स्कूली बैग में सप्लाई हेतु ले जाये जा रहे 180 एमएल के 13 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किशोर गया जिले के बुनियादगंज थानान्तर्गत मानपुर ग्राम निवासी बताया जाता है जो वर्तमान में नगर थाना क्षेत्र के अखाड़ाघाट वार्ड 14 में रहता है.

गिरफ्तार किशोर ने बताया कि उक्त शराब की बोतलें वह सप्लाई करने हेतु ले जा रहा था. गिरफ्तार किशोर से पूछताछ के आधार पर पुलिस जांच पड़ताल करते हुये कार्रवाई में जुटी है.

पुलिस को दूसरी उपलब्धि कुढ़नी थाना के तुर्की ओपी पुलिस को मिली. मिली जानकारी के अनुसार तुर्की ओपी अध्यक्ष ललित कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थुहमा के पास स्थित ब्लू लाईन होटल के पास घेराबंदी कर एक हाईवे लुटेरे को 7.62 बोर के आॅटोमेटिक पिस्टल और 3 राउंड जिंदा कारतूस और एक मोबाईल के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को देखते अन्य अपराधकर्मी भागने में सफल रहे.

गिरफ्तार लुटेरे की पहचान वैशाली जिला के कटहरा ओपी (गोरौल) अन्तर्गत कैला जलालपुर निवासी स्व. रामदयाल के पुत्र अजय कुमार के रुप में की गई है. गिरफ्तार लुटेरे ने पुलिस को दिये स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे सभी हाईवे लुटेरे हैं और लूटपाट के उद्देश्य से जुटे थे. थानाध्यक्ष के अनुसार गिरफ्तार अजय और उसके साथियों द्वारा कुढ़नी थाना क्षेत्र, तुर्की/फकुली ओपी क्षेत्र में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.

गिरफ्तार हाईवे लुटेरा अजय कुमार और इसके साथी सुनसान जगहों पर राहगीरों, मोटरसाइकिल सवारों, मालवाहक गाडियों के चालक-खलासी रोक हथियार का भय दिखाकर मारपीट करते हुये लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते हैं. गिरफ्तार अभियुक्त ने फरार हुये अपने सभी साथियों के नाम पता पुलिस को बताये हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच पड़ताल कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की दिशा में छापेमारी कर रही है. इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां संभव हैं.

मामले के संबंध में तुर्की ओपी अध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि नीले रंग की आल्टो कार (बीआर 8321) में थुहमा स्थित ब्लू लाईन होटल के पास कुछ संदिग्ध अपराध की योजना बनाते हुये लूटपाट के उद्देश्य से जमा हैं. सूचना मिलते ही ओपीध्यक्ष ललित कुमार, कुढ़नी थानाध्यक्ष शशिभूषण कुमार, फकुली ओपी अध्यक्ष राजेश कुमार राकेश और कुढ़नी, फकुली व तुर्की ओपी की सशस्त्र पुलिस बल को शामिल कर उक्त स्थल की घेराबंदी कर छापेमारी की.

इस दौरान एक व्यक्ति कार के बाहर टहल रहा था और कुछ व्यक्ति कार के अन्दर बैठे थे. पुलिस को देखते ही कार में बैठे व्यक्ति वाहन लेकर निकल भागे, इस दौरान सड़क पर टहल रहे व्यक्ति को खदेड़ कर पुलिस ने पकड़ लिया. गिरफ्तार लुटेरे के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कुढ़नी थाना क्षेत्र, तुर्की/फकुली ओपी क्षेत्र में कई लूट की घटनाओं का सफल उद्भेदन हो सका है. गिरफ्तार अजय के पास से बरामद मोबाईल से और भी जानकारी मिलने की संभावना है.
