नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी महामिलावटी महागठबंधन के नेता हैं, अगर देश का पारा बढ़ता है तो राहुल गांधी छुट्टी लेकर देश से बाहर चले जाते हैं। यहां तक कि उनकी मां को इस बारे में पता नहीं होता है कि राहुल गांधी कहां जाते हैं। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 20 वर्षों में कभी भी कोई अवकाश नहीं लिया है।
शाह ने उत्तर प्रदेश में महागठबंधन पर आरोप लगाया है कि उसने गुंडों और बाहुबलियों को टिकट दिया है, लेकिन इन लोगों का चुनाव में कोई असर नहीं होगा क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। शाह ने आरोप लगाया कि बसपा और सपा भू माफिया की तरह काम करती थीं। लेकिन जब से एंटी लैंड माफिया स्क्वॉड की शुरुआत हुई है, तबसे प्रदेश में जमीनों पर अवैध कब्जा बंद हो गया है।