
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुज़फ़्फ़रपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के पश्चिमी दियारा क्षेत्र स्थित खेमकरना गाँव में पुलिस और नक्सलियों के बीच चली मुठभेड़ में उतर बिहार जोनल कमेटी के सब जोनल कमांडर हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान मारा गया. पुलिस मुठभेड़ में मारा गया हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान आधा दर्जन थानों में चार दर्जन से अधिक कांडों में वांछित था. इस दौरान पुलिस ने रमेश पासवास के तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया. मौके से हथियार और नक्सली व चुनाव बहिष्कार सम्बन्धी परचा बरामद किया गया है. पुलिस कार्रवाई बाद मुख्यालय द्वारा साहेबगंज, देवरिया, पारू, सरैया, मोतीपुर, बरुराज समेत सीमावर्ती थानों को अलर्ट रहने को कहा गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पूर्व इलाके के एक विद्यालय में लोकसभा चुनाव के दौरान वोट बहिष्कार करने व नक्सली पर्चा बरामद किया गया था. लोकसभा चुनाव के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने, और चुनाव में गड़बड़ी फ़ैलाने से सशंकित हो, इसे गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों द्वारा एसएसपी मनोज कुमार के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल, जिला एसटीएफ और जिले में तैनात एसओजी को शामिल कर टीम का गठन किया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई थी. जिसमें कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तार संदिग्धों की निशानदेही पर पुलिस महानिरीक्षक नय्यर हसनैन खान को हार्डकोर नक्सली उतर बिहार जोनल कमेटी के सब जोनल कमांडर रमेश पासवान और उसके साथियों के साहेबगंज थाना क्षेत्र के खेमकरना गाँव में छुपे होने की सूचना प्राप्त हुई.

सूचना मिलते ही तत्क्षण कार्रवाई करते हुए खेमकरना गाँव में घेराबंदी कर छापेमारी की गई. छापेमारी के क्रम में जगदीश साह के ईंट भट्ठा के समीप हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान व उसके साथियों द्वारा पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फा’यरिंग करते हुए हमला कर दिया. पुलिस की जवाबी कार्यवाई में हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान के घा’यल होते उसके अन्य साथी घबरा कर भागने लगे, जिनमे पुलिस टीम द्वारा तीन व्यक्तियों को खदेड़ कर पकड़ लिया गया. आनन फानन में घा’यल नक्सली रमेश पासवान को देवरिया अस्पताल में एडमिट कराया जहां गंभीर स्थितियों के मद्देनज़र उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया. एसकेएमसीएच में भर्ती कराते ही डॉक्टरों ने उसे मृ’त घोषित कर दिया. मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने मौके से एक हथियार पाँच राउंड ज़िंदा कारतूस, दो खोखा एवं पेलेट समेत चुनाव बहिष्कार के सैकड़ों पर्ची बरामद किये हैं.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व चुनाव बहिष्कार और नक्सली गतिविधियों का परचा मिलने से चुनाव के दौरान नक्सलियों द्वारा गड़बड़ी फ़ैलाने की सम्भावना को गम्भीरतापूर्वक लेते हुए पुलिस कार्रवाई की गयी है. उन्होंने बताया की पारु थाना क्षेत्र के भटौलिया निवासी नगीना पासवान का पुत्र हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान पर 2009 में देवरिया लैंड माईन्स, छापेमारी के दौरान एसपी अभियान पर फायरिंग करने, साहेबगंज के बंगरा घाट पर पुल निर्माण कंपनी के बेस कैंप उड़ाने, बगहा में मुखिया मनोज कुमार की हत्या समेत 6 जिलों में तकरीबन 49 से अधिक मामले दर्ज हैं. एसएसपी ने बताया की पुलिस मुठभेड़ में मारा गया उत्तर बिहार जोनल कमेटी के सब जोनल कमांडर रमेश पासवान 50 हजार का इनामी था. इस दौरान तीन अन्य नक्सलियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है, पुलिस टीम उससे सघन पूछताछ कर जांच-पड़ताल में जुटी है. मौके से एक पिस्टल, 05 राउंड जिन्दा कारतूस, 02 खोखा, 01 पिलेट और काफी मात्रा में नक्सली परचा, साहित्य और चुनाव बहिष्कार से सम्बंधित परचे बरामद किया गया है. उन्होंने कहा की एसपी अभियान विमलेश चंद्र झा की मॉनिटरिंग में एसटीएफ का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार और एसएसबी 32 बटालियन की ई कंपनी का नेतृत्व कंपनी कमांडर कुमार ऋतुराज कर रहे थे. जिस दौरान पुलिस टीम को सफलता मिली है.

एसएसपी ने बताया की रमेश पासवान पारू, मुजफ्फरपुर, वैशाली तथा सरन सहित कई जिलों में नक्सल गतिविधियों में शामिल रहा है और उत्तर बिहार पश्चिमी जोनल कमिटी के सचिव राजन जी का करीबी सहयोगी था. मारे गए हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान पर चक्की सोहागपुर के मुखिया सुरेश सिंह का गहरा आईडी लगा उड़ने, रामलीला गाछी में अर्पण बस जलने, चक्की सोहागपुर में सरस्वती देवी पर हमला, माधोपुर हजारी में एसपी सिंगला कंपनी का बेस कैम्प जलने, कुढ़नी स्थित गेमैन इंडिया के बेस कम्प पर हमला करने, सत्तरघाट स्थित सड़क निर्माण कंपनी वशिष्टा के बेस कैम्प जलाने सहित कई अन्य गंभीर नक्सल मामले दर्ज हैं.

प्राप्त सूचनानुसार चुनाव बहिष्कार के दौरान नक्सलियों द्वारा बगहा, मोतिहारी, बेतिया, मुजफ्फरपुर, छपरा, सीतामढ़ी और वैशाली इलाके में गड़बड़ी फ़ैलाने व मतदान में बाधा उत्पन्न करने की योजना थी. 13 अप्रैल 2009 में देवरिया थाना के महब्बतपुर गाँव के बौरा टोला में लोकसभा चुनाव करा कर लौट रहे मजिस्ट्रेट व पांच पुलिसकर्मियों को नक्सलियों ने लैंड माइंस विस्फोट कर उड़ा दिया गया था. देवरिया में धरफरी रोड में नहर के पास लैंडमाइन्स प्लांट करने में नवल राम, साहेब सहनी, लखनौरी का अनिल राम, रमेश पासवान, सुधीर भगत सहित दर्जनों नक्सली शामिल बताये जाते हैं. मोतीपुर में सी एंड सी कंपनी पर हमला व साहेबगंज में सिंगला कंपनी पर हमले के अलावे पखनाहा के पैक्स अध्यक्ष मनन सिंह, विधायक प्रतिनिधि भोला सिंह की हत्या में भी उसकी संलिप्तता बतायी जाती है.

बता दें की 31 मई 2015 को उतर बिहार जोनल कमेटी के सब जोनल कमांडर रमेश पासवान के पश्चिमी दियारा में शरण लेने की सूचना पर एडिशनल एसपी अभियान ने छापेमारी अभियान चलाया था. नक्सली रमेश पासवान के अड्डे की पुलिस ने घेराबंदी कर ली थी. इसी दौरान रमेश पासवान पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मौका पाकर भाग निकला था.
फरवरी 2016 में हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान को देवरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था. तीन दिनों तक रिमांड पर पूछताछ के आधार पर पुलिस को जिले के पश्चिमी ईलाके में आईआईडी समेत विस्फोटक खेप के बारे में जानकारी मिली थी. इसके साथ ही पुलिस द्वारा पारू थाना क्षेत्र से एक झोला छाप चिकित्सक को हिरासत में लेकर भी पूछताछ किया गया था.

इससे पूर्व 7-8 जून 2015 की रात्रि एएसपी ऑपरेशन राणा ब्रजेश के नेतृत्व में एसटीएफ, अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ जिला पुलिस की विशेष टीम ने देवरिया थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में हार्डकोर नक्सली रमेश पासवान की तलाश में नक्सलियों के कई ठिकानों को ध्वस्त कर आठ नक्सलियों को गिर’फ्तार किया था. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा पश्चिमी दियारा इलाके के सोहांसी गांव समेत कई जगहों पर सर्च अभियान चलाने के दौरान नक्सलियों से पुलिस मुठभेड़ भी हुई थी. दोनों तरफ से हजारों राउंड गोलियां चलीं थी. रविवार 7 जून देर रात से सोमवार 8 जून की सुबह तक के छह घंटों तक चले अभियान में पुलिस ने कई नक्सली ठिकानों को ध्वस्त करते हुए कई हथियार, बम, मोबाइल, चार्जर समेत कई अन्य सामान बरामद किए थे. नक्सलियों ने साहेबगंज क्षेत्र के बंगरा घाट स्थित गंडक पुल पर दो आईईडी लगा रखे थे, इसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया था.
