
GAYA : महाराष्ट्र के बाद बिहार में नक्सलियों ने जमकर तांडव मचाया है। गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित भोक्ताडीह और जयगीर के बीच में सड़क निर्माण में लगी एक कंपनी के बेस कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। हालांकि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीती देर रात करीब ढाई दर्जन की संख्या में आए नक्सलियों ने कंपनी के बेस कैंप पर जमकर तांडव किया। नक्सलियों ने तीन जेसीबी और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली जिंदाबाद, लाल सलाम जिंदाबाद का नारा लगाते हुए निकल गए।

घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भय का माहौल व्याप्त हैं। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि लेवी की मांग को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। गौरतलब है कि बाराचट्टी थाना क्षेत्र का यह इलाका पूरी तरह से नक्सल प्रभावित क्षेत्र है और इससे पहले भी इस इलाके में कई वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। जब भी कोई सड़क निर्माण या अन्य विकास का काम होता है तो नक्सली संगठन लेवी की डिमांड करते हैं। डिमांड पूरा नहीं होने पर दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई को अंजाम देते हैं। इस घटना से प्रशासन का नक्सलियों के सफाया होने के दावे पर सवाल उठ रहा है।

