MUZAFFARPUR : 6 मई को आसन्न लोकसभा चुनाव हेतु जिला प्रशासन ने कसी कमर, 709 संवेदनशील बूथों पर विशेष तैयारी

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार 6 मई को प्रस्तावित लोकसभा चुनाव के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के बारे में जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार भी उपस्थित रहे और मतदान के दिन पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों और अब तक जिला पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाईयों के सम्बन्ध में जानकारी दी गई. मौके पर जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कमल कुमार सिंह भी उपस्थित थे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा की आगामी 6 मई को लोकसभा चुनाव के प्रस्तावित मतदान से 48 घंटे पूर्व प्रचार अभियान थम गया है. इन 48 घंटों के दौरान किसी भी पार्टी के प्रचारक, पार्टी कार्यकर्ताओं को किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी. प्रचार वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे.

16 मार्च को चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतदान करने के लिए सिर्फ मतदाता पर्ची ही मानक नहीं है. इसके साथ ही 12 मान्य दस्तावेजों में कोई एक प्रमाण साथ लेकर अवश्य जायें, यथा पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, बैंक पासबुक, सरकारी पहचान पत्र आदि. क्योंकि मौजूदा समय में केवल मतदाता परची को चुनाव आयोग द्वारा विलोपित कर दिया गया है.

उन्होंने कहा के प्रत्याशी को एक, उनके चुुुनाव अभिकर्ता को एक समेेत विधानसभा वार कुल 8 वाहनों की अनुमति प्रदान की जाएगी. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के 709 भूत को संवेदनशील बताते हुए कहा कि इन बूथों पर अर्द्धसैनिक बलों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नक्सली बूथ, सीमावर्ती क्षेत्र और पूर्व में नक्सली हमले और हिंसा ग्रस्त क्षेत्र को देखते हुए जिले के 709 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं. संवेदनशील बूथों पर वीडियो सर्वेलांस टीमें, स्टैटिक सर्वेलांस टीमें, फ्लाइंग स्क्वायड भी तैनात किए जाएंगे.

इस दौरान प्रत्याशी द्वारा भी किसी भी आशंका को गंभीरता से लेते हुये जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद आचार संहिता उल्लंघन के अब तक 52 मामले दर्ज किये गये हैं. एफएसटी टीम और एसएसटी टीम द्वारा जिले में भारी मात्रा में नगदी ओर शलाब भी बरामद किये गये हैं.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिले के नए वोटरों को प्रशासन द्वारा सम्मानित करने की दिशा में उनका मनोबल बढाते हुए मतदान के दिन सबसे पहले मतदान करने की छूट दी जाएगी. उन्होंने कहा वैसे सरकारी कर्मी व पुलिस दलकर्मी जो मतदान के समय चुनाव कार्य में लगे होंगे उन्हें पोस्टल बैलट के द्वारा मतदान करने की सुविधा प्रदान की गई है. इस सुविधा के तहत 15 मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र में 2830 लोगों ने पोस्टल बैलट के माध्यम से मतदान किया वहीं वैशाली लोकसभा क्षेत्र में 1519 लोगों ने पोस्टल बैलट के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतगणना के दिन सर्वप्रथम पोस्टल बैलट की ही गिनती की जाएगी.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव आयोग के दिशा निर्देश पर मुजफ्फरपुर और वैशाली लोकसभा चुनाव के दौरान गड़बड़ियों व सूचना देने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में लगे टाॅल फ्री नम्बर 1800-345-6375 को 12 इनकमिंग दूरभाष के साथ हन्टिंग लाईन से जोड़ दिया गया है, जो क्रमश: 0621-2214142 से 48 तक और 0621-2214156/58/59/60/61 और 62 है.

ईवीएम मशीन के साथ चुनाव आयोग द्वारा वीवीपैट मशीन में लगने वाले समय को देखते हुए मतदान का समय एक घंटा बढ़ा दिया गया है. मतदान करने का समय सुबह 7 बजे से संध्या 6 बजे तक निर्धारित है, पर अगर मतदाता 6 बजे संध्या में भी आते हैं तो भी वे मतदान कर सकते हैं. जिले में विधानसभावार कुल छह विधानसभा क्षेत्र में 5-5 माॅडल मतदान केन्द्र के हिसाब से कुल 30 माॅडल मतदान केन्द्र बनाये गये हैं वहीं एक-एक महिला मतदान केन्द्र के हिसाब से विधानसभा में कुल छह महिला मतदान केन्द्र बनाये गये हैं जहाँ मतदान कर्मी से लेकर सुरक्षा बल तक सभी महिलायें होंगी.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने महिलाओं और दिव्यांगों के लिये प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था किये जाने की बात कही. उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र तक ईवीएम लाने ले जाने वाले वाहनों का उपयोग दिव्यांगों और बुजुर्गों को मतदान केन्द्र तक लाने ले जाने के लिये भी किया जा सकता है. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान हेतु संवेदनशीलता के मद्देनजर बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की जायेगी.

स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से चलाई गई मतदाता जागरुकता अभियान के तहत शत प्रतिशत मतदान के प्रयास किये गये हैं. पूर्व में मतदान का औसत प्रतिशत 60% देखा गया है पर स्वीप कोषांग द्वारा आयोजित मतदाता जागरुकता के तहत आयोजित कार्यक्रम से इस बार उसके सार्थक परिणाम सामने आयेंगे और मतदान के प्रतिशत में इजाफा होकर 80-85% तक बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा बहुत सारे कार्यक्रम आयोजित कराये गये हैं. उन्होंने कहा की निर्वाचन सूची में मतदाता का नाम है किसी अन्य ने वोट दे दिया तो ऐसी परिस्थिति में टेन्डर्ड वोट के प्रावधान के अनुसार मतदाता वोट कर सकता है.

इस मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 24000 से अधिक दागियों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने के साथ 254 से अधिक अराजक तत्वों पर सीसीए की कार्रवाई की गई है. वहीं 274 असामाजिक तत्वों के खिलाफ सीसीए प्रस्ताव पारित करते हुये जिलाधिकारी द्वारा जिलाबदर करने के आदेश दिये गये हैं, जिसमें 13 लोगों को डिटेंक्ट कर दिया गया है. जिले़ के बूथों को 3 श्रेणियों में बांटते हुये क्रमश: सामान्य, संवेदनशील और नक्सल प्रभावित के आधार पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. जिले में क्यूआरटी टीम, सेक्शन पदाधिकारी, जोनल पदाधिकारी, सर्किल पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी की टीम बनायी गयी है.

चुनाव की अधिसूचना के साथ ही 144 लागू है, जिला प्रशासन द्वारा भीड़-भाड़ न लगाने, अनावश्यक वाहनों के पारिचालन न करने की अपील की जा रही है. एसएसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान जिले की सीमा सील कर दी गई है, इस दौरान आवश्यक सेवा, एम्बुलेंस और इमरजेंसी वाहन पर प्रतिबंध नहीं होगा. पार्टी कार्यकर्ता द्वारा निजी वाहन से वोटरों को ढोना या किसी प्रकार की धमकी प्रलोभन देना आदि गैरकानूनी कृत की श्रेणी में माने जायेंगे.

उन्होंने चुनाव के दौरान अब तक की कार्रवाई के बारे में बताते हुये कहा कि जिला पुलिस द्वारा वाहन जांच के दौरान जुर्माना के रुप में 12 लाख 85 हजार 24 रुपये वसूले गये हैं वहीं 35 अवैध आग्नेयास्त्र, 327 राउंड जिंदा कारतूस, 50 मिसफायर कारतूस (खोखा), 3 देशी बम बरामद किये गये. इसके साथ ही बिहार मद्य निषेध अभियान के तनत 63745 लीटर अवैध शराब जप्त किये गये हैं. गड़बड़ी फैलाने की आशंका के मद्देनजर 9988 लोगों से बांड बनाया गया है.

अंत में एसएसपी ने बताया कि चुनाव आयोग के दिशा निर्देश पर जिले के विभिन्न स्थानों से लगभग 100 बाईकें भी जप्त की गई हैं जो सुरक्षा बलों द्वारा गश्ती करने, टाईगर मोबाईल के जवानों द्वारा इलाकों के भ्रमण और चुनाव कार्यकर्ताओं को दुर्गम इलाकों में लाने ले जाने के लिये इस्तेमाल में लाई जायेंगी जहां चारपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है. उन्होंने बताया कि वाहन जप्ती के बाद जिला प्रशासन द्वारा वाहन मालिकों को जप्ती परची दी गई है और लाॅग बुक में जप्त वाहन की इंट्री कर उन्हें भुगतान किया जायेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.