लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में सोमवार को बिहार की पांच सीटों पर आज मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। मतदान के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। सुबह सात बजे से ही मतदानकेंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। वहीं एक घंटे बीत जाने के बाद भी कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की सूचना है।
सारण के बूथ संख्या 131 पर मतदान करने आए एक युवक ने पहले जमकर हंगामा किया और फिर अचानक ईवीएम को उठाया और जमीन पर पटककर तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। ईवीएम तोड़ने के बाद अधिकारियों ने ईवीएम को बदल दिया और यहां पर फिर से मतदान शुरू हो गया है।
सोमवार को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में वोट डाले जा रहे हैं। इन पांच सीटों पर कुल 82 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कुल 87 लाख मतदाता कर रहे हैं। इनमें 46.62 लाख पुरुष, 40.87 लाख महिला और 225 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

हाजीपुर में 9% मतदान और मुजफ्फरपुर में 6.35% मतदान हुआ है। मधुबनी लोस क्षेत्र के रहिका में ईवीएम मशीन खराब, बूथ संख्या 250 पर भी ईवीएम मशीन खराब, मतदान बाधित। हाजीपुर संसदीय क्षेत्र के राघोपुर प्रखंड के 297 296 में मतदान केंद्र पर अभी तक नहीं शुरू हुआ मतदान। मतदाता आक्रोशित। वीवीपैट मे गड़बड़ी होने के कारण नहीं शुरू हुआ मतदान।
मुजफ्फरपुर के चंगेल पंचायत में ईवीएम मशीन खराब, बूथ संख्या 231 में दोनों ईवीएम मशीन खराब। कतार में लगे मतदाता कर रहे मशीन ठीक होने का इंतजार। छपरा के अमनौर के बूथ नंबर 27, 28 पर अबतक ईवीएम में खराबी की वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका है। वहीं मुजफ्फरपुर के मुसहरी के बूथ संख्या 88 और 89 पर भी ईवीएम में खराबी आने की वजह से मतदान शुरू नहीं हुआ है।
प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि मतदान से जुड़े कर्मचारी, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और राज्य की पुलिस की मतदान वाले जिलों में प्रतिनियुक्ति की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि पांचवे दौर के मतदान के लिए 8899 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें सीतामढ़ी में 1776, मधुबनी में 1837, मुजफ्फरपुर में 1748, सारण में 1711 एवं हाजीपुर में 1827 मतदान केंद्र हैं। पांच सीट के लिए मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ होकर शाम छह बजे तक होगा। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान के लिए 65,000 कार्मियों के साथ 4349 माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की है।
कुल चार सौ मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।। वैशाली और सारण के दियारा इलाके में घुड़सवार और नाव से गश्त की जाएगी एवं मतदान के दौरान कुल 12,000 गाडिय़ों का प्रयोग हो रहा है। मतदान के एक दिन पूर्व रविवार को विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर अपने लिए वोट की अपील की। बता दें कि इस चरण में क्षेत्र के हिसाब से सीतामढ़ी सबसे बड़ा जबकि मतदाताओं की संख्या के हिसाब से हाजीपुर सबसे बड़ा और सारण सबसे छोटा संसदीय क्षेत्र है। मुजफ्फरपुर से 22 और हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।