भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पूर्वी चंपारण में राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद राहुल बाबा व महागठबंधन वालों के घर मातम था। पाकिस्तान का नाम लिए बगैर कहा कि जो हमारे 40 जवानों को मारा उनसे बात करना उचित नहीं। वोट बैंक के कारण हम आतंकवाद नहीं बर्दाश्त कर सकते हैं। वे पूर्वी चंपारण के मधुबन में शिवहर लोकसभा से एनडीए प्रत्याशी रमा देवी के पक्ष में सोमवार को विजय संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राहुल की एक और पार्टी नेशनल कांग्रेस कश्मीर में है। एक बार नमो सरकार बना दो हम धारा 370 उखाड़ फेकेंगे। मौनी बाबा मनमोहन सिंह चुप रहे और पाकिस्तानी हमारे सैनिक का सिर काट कर ले जाते रहे। नमो 56 ईंच वाला मर्द है। श्री शाह ने कहा कि नमो सरकार बनेगी तो किसानों को ब्याज रहित लोन देंगे। किसान 60 साल के होंगे तो उन्हें पेंशन देंगे। नमो सरकार ने बिहार के लिए ढेर काम किए। 133 योजनाएं बिहार की जनता के लिए दिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के एक मात्र ऐसे नेता जिन्होंने एक दिन की छुट्टी नहीं ली।
महागठबंधन के नेता राहुल बाबा हल्की गर्मी बढ़ने के साथ विदेश चले जाते हैं। ऐसे जाते है कि मां ढूंढ़ती है कि बिटवा कहां है। नमो सरकार ने आयुष्मान भारत योजना दिया। उन्होंने युवाओं को जिगर का टुकड़ा बताया। कहा कि मैं पूरे देश में 290 क्षेत्रों में गया। भाषा बदली। नारा नहीं बदला। एक ही नारा लगा है। मोदी-मोदी। मोदी-मोदी का नारा 125 करोड़ हिंदुस्तान के लोगों के दिल से निकला मोदी के लिए आर्शीवाद है। 24 लाख गरीबों का आपरेशन आज सुबह तक हुआ।
श्री शाह ने कहा कि भारत में गैस वितरण मामले में शिवहर तीसरे नंबर पर हैं। चार लाख 35 लोगों के घरों में शौचालय बनवाया। एन-104 को 0 से 51 माइल तक चौड़ीकरण हुआ। नमो ने बिहार के लिए आइआइटी, आइआइएम, बिजली दिया। शिवहर की प्रत्या शी रमा देवी जी को वोट इसलिए देना कि नमो ने देश को सुरक्षित किया। बिहार का विकास डबल इंजन की सरकार विकास कर रही है। सभा को शिवहर की प्रत्याशी रमा देवी, बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री ई राणा रणधीर सिंह के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इधर, पश्चिम चंपारण लोकसभा अंतर्गत बेतिया में आयोजित एनडीए प्रत्याशी डाक्टर संजय जायसवाल की सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश को सुरक्षित करने का काम किया। आतंकवादियों ने हमारे 40 जवानों को शहीद कर दिया तब पूरे देश के अंदर गुस्सा था। हताशा का माहौल था कि अब क्या होगा। पाकिस्तान ने भी देर नहीं किया। पूरे सीमा पर रोक लगा दी। टैंक बिछा दिया।
उसे पता था कि कहीं मोदी फिर से सर्जिकल स्ट्राइक ना कर दें। सब लोगों ने सोचा कि अब क्या हो, लेकिन मोदी 56 इंच की छाती वाला मर्द है।पाकिस्तान ने सीमा पर टैंक लगाया तो मोदी जी ने एयर स्ट्राइक करवाकर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके पहले दुनिया में दो ही देश है जो बदला लेने का काम करते थे, एक इसराइल और दूसरा अमेरिका। मोदी जी ने इस सूची में तीसरा नाम भारत को जोड़ने का काम किया।
स्ट्राइक के बाद पूरे देश में खुशी का आलम था, लेकिन दो जगह मातम का माहौल था। लोग छाती पीट-पीटकर रो रहे थे। उन दो जगहों में पहली जगह तो पाकिस्तान थी जहां मातम होना चाहिए और दूसरी जगह थी राहुल बाबा और लालू-राबड़ी के कार्यालय में मातम छाया था। इनके चेहरे का नूर चला गया। इनके चेहरे लटक गए। मोदी जी ने पाकिस्तान के आतंकी मारे तो इसमें लालू राबड़ी और राहुल बाबा के चेहरे क्यों लटक गये। आप के चचेरे ममेरे भाई लगते थे क्या। सबूत मांगते थे, सबूत।