देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी, आईएमए (Indian Military Academy) से एक बुरी खबर आई है। यहां पर मंगलवार को मिलिट्री ड्रिल के दौरान 21 वर्ष के कैडेट (जीसी) जानलेवा हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में उनकी मृत्यु हो गई है। यह कैडेट हरियाणा के करनाल के रहने वाले थे। एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया है कि घटना की जांच के लिए इन्क्वॉयरी के आदेश दे दिए गए हैं।

सिर पर लगी चोट से गई जान आईएएम की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘कैडेट अमूल रावल को सिर पर चोट लग गई थी। उन्हें तुरंत ही इलाज मुहैया कराया गया था।’ बयान में आगे कहा गया है, ‘उन्हें तुरंत ही देहरादून स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन यहां पर लाते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’ अमूल रावल के चाचा ने बताया अमूल ने साल 2016 में नेशनल डिफेंस एकेडमी में एडमिशन लिया था और इस वर्ष जनवरी में वह आईएमए आए थे। अमूल, आईएमए में आकर काफी खुश थे और वह मिलने वालों से ट्रेनिंग के बारे में बताते रहते थे।
जब उनसे पूछा गया कि अमूल की मृत्यु की क्या वजहें हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि परिवार को नहीं मालूम कि असल में क्या हुआ था। लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी मिली थी कि अमूल ट्रेनिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गए हैं। अमूल के परिवार वाले उनका शव लेने के लिए देहरादून रवाना हो गए हैं। कैडेट अमूल रावल के घर में उनके पिता जयचंद, माता सुनीता देवी और छोटा भाई तरूण रावल है।