श्रीनगर से जैश-ए-मोहम्मद का मोस्ट वॉन्टेड आतंकी अब्‍दुल माजीद बाबा गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जम्‍मू कश्‍मीर की राजधानी श्रीनगर से जैश-ए-मोहम्मदके आतंकी अब्‍दुल माजीद बाबा को गिरफ्तार किया है। माजीद पिछले कई समय से फरार चल रहा था। उसके सिर पर दो लाख रुपए का इनाम भी पुलिस की ओर से घोषित किया गया था। दिल्ली पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक माजीद, जम्‍मू कश्‍मीर के सोपोर जिले के मागरेपोरा गांव का रहने वाला है। पुलिस को माजीद के बारे पुख्‍ता इंटेलीजेंस मिली थी।

इसके बाद पुलिस उस पर लगाताार नजर रख रही थी। साल 2007 से था फरार माजीद एक मामले में वॉन्‍टेड था और दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका था। दिल्ली पुलिस की टीम श्रीनगर में उसे ढूंढ़ निकालने में कामयाब रही और उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया।

माजीद को अब श्रीनगर सीजेएम के सामने पेश किया जाएगा और उसके बाद रिमांड के लिए दिल्ली लाया जाएगा। साल 2007 में दिल्ली के डीडीयू मार्ग में स्पेशल सेल और आतंकियों के बीच एक शूटआउट हुआ था, उसके बाद एक पाकिस्तानी और तीन कश्‍मीर आतंकी पकड़े गए थे। 2007 में ही लोअर कोर्ट ने सभी को बरी कर दिया था, लेकिन 2015 में हाइकोर्ट ने उम्रकैद की सज़ा सुना दी थी।

माजीद इसी मामले में फरार चल रहा था। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में सोमवार को जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को सोमवार को गिरफ्तार किया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हिलाल अहमद को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के डोरू इलाके से गिरफ्तार किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.