
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : “अपराध नियंत्रण की दिशा में किसी किस्म की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डीआईजी प्रत्येक सप्ताह अनुमंडलवार पुलिस उपाधीक्षकों के साथ बैठक कर सम्बंधित क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई, अपराध नियंत्रण की दिशा में बनाये गए रणनीतियों के आधार पर प्राप्त उपलब्धियों के साथ साथ खामियों की भी समीक्षा करेंगे और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे या अपराध नियंत्रण में शिथिलता बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.” उक्त बातें प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान ने तमाम वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के मुद्दे पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहीं.

समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान के अलावा, पुलिस उपमहानिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन, पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी गौरव पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद, सरैया एसडीपीओ डॉ. शंकर झा, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक रिज़र्व और गृह रक्षा वाहिनी के समादेष्टा शामिल थे.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को एसएसपी कार्यालय में दोपहर 11:00 बजे से प्रारम्भ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान ने अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था संधारण और यातायात व्यवस्था सुढृढ़ीकरण के मुद्दों समेत कई बिंदु पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने समीक्षा बैठक में अपराध पर नियंत्रण हेतु कड़ी कार्रवाई और सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिले के तमाम चेकपोस्टों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और तमाम चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच और चेकिंग अभियान चलाये जाने की बात कही है. कैश लूट की बढ़ती घटना पर चिंता जताते हुए उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग गश्ती पर विशेष ध्यान देते हुए चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया.
जोनल आईजी ने वरीय पुलिस अधीक्षक को रोस्टर आधार पर पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्ती और थानों का औचक निरीक्षण कराये जाने का आदेश देते हुए कहा कि इससे अन्य पुलिसकर्मी भी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे.

बैठक के दौरान आईजी श्री खान ने कहा की कैश लूट के मामले में प्रतिवेदित मामलों में कठोर क़ानूनी कार्रवाई के साथ एक माह के अंदर आरोप पत्र समर्पित कर त्वरित विचारण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाये. जमानत पर जेल से छूटे लूट कांडों के अभियुक्तों पर पैनी निगाह बनाये रखें, संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. उन्होंने बल देते हुए कहा की अपराध नियंत्रण विशेष रूप से कैश और वाहन लूट के सम्बन्ध में बनाई गई रणनीति आज से ही लागू करना सुनिश्चित करेंगे. जोनल आईजी ने सभी पुलिस उपाधीक्षकों को सम्बंधित क्षेत्र के लुटेरों, अपराधियों को चिन्हित करते हुए अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निदेश दिए. साथ ही अगले 10 दिनों में सभी लंबित कांडो का पर्यवेक्षण कर दिशा निर्देश पारित करने को कहा.

जोनल आईजी वाहन चेकिंग में उदासीनता बरतने पर क्षुब्ध दिखे. यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु जोनल आईजी ने कहा की दैनिक आधार पर वाहन जांच कराई जाये. हाल में घटित लूट की अधिकतर घटनाओं में वाहन पर सवार तीन अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम देने की बात सामने आयी है. अतः ऐसे वाहनों की गहनता से जांच की जाये. वाहनों की जांच करते हुए सत्यापन उपरांत गैर क़ानूनी ढंग से चल रहे वाहनों के विरुद्ध यथोचित कार्रवाई करें. नगर निगम से समन्वय स्थापित कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले निर्माण, अतिक्रमण, कूड़ा-गन्दगी और अवैध रूप से वाहन पड़ाव, बेतरतीब ढंग से लगे वाहनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करें जिससे सुव्यवस्थित व सुगम यातायात व्यवस्था संचालित हो सके.


