एयर इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध संचालक अश्विनी लोहानी ने गुरुवार को कहा कि एयरलाइन को उन कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जिनपर महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न के आरोप लगते हैं। हाल ही में एक महिला पायलट द्वारा अपने वरिष्ठ कैप्टन पर पांच मई को हैदराबाद में लगाए गए आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए लोहानी ने कर्मचारियों को संदेश भेजा।

संदेश में उन्होंने लिखा, ‘यह शर्मनाक बात है कि एयर इंडिया में अक्सर यौन उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं। हमें ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। इस संदेश को सभी तक पहुंचाएं खासतौर से संचालन संबंधित विभागों में।’ बुधवार को एयर इंडिया प्रबंधन ने अपने एक वरिष्ठ कैप्टन के खिलाफ महिला पायलट से लिखित में यौन उत्पीड़न की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

महिला कर्मचारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वरिष्ठ कैप्टन ने हैदराबाद में ट्रेनिंग सेशन के दौरान कई मौकों पर उससे कई अनुचित सवाल पूछे हैं। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है, ‘पांच मई को हमारा ट्रेनिंग सेशन खत्म होने के बाद इंस्ट्रक्टर ने हमें हैदराबाद के रेस्त्रां में डिनर करने का सुझाव दिया। मैंने हां कर दी, क्योंकि वो कई उड़ानों में मेरे साथ थे और मुझे शालीन लगे।’

हम रात के करीब आठ बजे रेस्त्रां पहुंचे, जहां मेरे साथ बदतमीजी शुरू हुई। यह घटना कथित तौर पर हैदराबाद की है, जहां महिला को कमांडर ट्रेनिंग दे रहा था। महिला ने अपनी शिकायत में आगे कहा, ‘उन्होंने मुझे बताना शुरू किया कि वह अपनी शादी में कितने परेशान और दुखी हैं। उन्होंने मुझसे यह पूछा कि मैं अपने पति के साथ कैसे रहती हूं और क्या मुझे हर दिन शारीरिक संबंध बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके बाद मैंने कहा कि मैं इन सब मुद्दों पर बात नहीं करना चाहती और मैंने कैब बुला ली।’

महिला ने कहा कि जब उसे आधे घंटे तक कैब का इंतजार करना पड़ा तो उस दौरान सीनियर अधिकारी ने उसके साथ और भी बुरा बर्ताव किया। अधिकारी के व्यवहार से वह काफी हैरान रह गई और खुद को डरा हुआ और अपमानित महसूस किया। महिला ने कहा कि भविष्य में फिर दोबारा किसी के साथ ऐसा ना हो, इसी बात को ध्यान में रखते हुए उसने शिकायत की है।