MUZAFFARPUR : आॅनलाईन कुरियर कंपनी से 5 लाख की लूट

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : शुक्रवार की देर रात मुजफ्‍फरपुर अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया गोलंबर के पास आॅनलाइन कुरियर सर्विस के दफ्‍तर से हथियारबंद अपराधियों ने लगभग 5 लाख रुपये नकदी लूट ली और आराम से चलते बने. हथियारबंद लुटेरों द्वारा लूटपाट के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट करने की बात भी कही जा रही है.

सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया की लूट की घटना हुई है और पुलिस लुटेरों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल कर अपराधियों की पहचान की जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया गोलंबर के पास स्थित फ्लिपकार्ट नामक आनलाईन कुरियर कंपनी के दफ्तर को निशाना बनाते हुये हथियार के बल पर अपराधकर्मियों ने 5 लाख रुपये लूट लिये. कार्यालय के मैनेजर सुजीत कुमार ने बताया कि कारबाईन और पिस्टल से लैस तीन बाईक पर सवार आधा दर्जन अपराधियों ने हथियार का भय दिखा कर कंपनी के 5 लाख रुपये लूट लिये. विरोध करने पर अपराधियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. घटना को उस वक़्त अंजाम दिया गया जब कुरियर कंपनी के कर्मचारी कार्यालय बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे. कार्यालय में मैनेजर सुजीत कुमार के अलावा 3-4 डिलीवरी ब्वॉय भी मौजूद थे. अपराधियों ने घुसते ही सभी को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया और मैनेजर के टेबल की दराज में रखे 5 लाख रुपये लूट लिए. डिलीवरी ब्यॉय ने बताया की कुछ अपराधी कार्यालय के बाहर भी खड़े थे. लूट के बाद सभी अपराधी कार्यालय का शटर बाहर से बंद कर दादर की और फरार हो गए.

दिलचस्प बात यह है कि अहियापुर स्थित बाजार समिति में आगामी 23 मई को मतगणना होनी है और यह इलाका पूरी तरह से पुलिस छावनी बना है. घटना से कुछ देर पहले ही जिले के पुलिस कप्तान ने मतगणना स्थल के सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया था. उसके कुछ ही घंटो बाद सशस्त्र अपराधकर्मियों ने पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन रात्रि गश्ती को ठेंगा दिखाते हुये लूटकांड को अंजाम दे दिया और निकल भागे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.