MUZAFFARPUR : कटरा फायरिंग मामले में हथियार समेत तीन गिरफ्तार

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : कटरा थाना क्षेत्र में अपराधियों द्वारा पुलिस कार्रवाई के विरोधस्वरूप और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से की जा रही फायरिंग को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार की रात्रि तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.तीन अपराधियों के गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस में हथियारों का जखीरा भी बरामद करने में सफलता हासिल की है.

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के धनौर निवासी गुडा़केश सिंह का पुत्र श्वेतांग कुमार, ऋषि सिंह का पुत्र राजीव कुमार और रामाशीष सिंह का पुत्र रवि सिंह के रुप में की गई है.

तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा 4 राउंड जिंदा कारतूस एक रेडमी का व एक एक्समार्ट का मोबाइल, एक यामाहा आरएक्स 15 मोटरसाइकिल, एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल राजू कुमार और श्वेतांग नामक अंकित दो आधार कार्ड बरामद किया गया है. गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने इस संबंध में बताया कि कटरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही फायरिंग के मद्देनजर पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी गौरव पांडे के नेतृत्व में कटरा थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार, गायघाट थाना अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद, बोचहां थानाध्यक्ष राजेश रंजन, बेनीबाद ओपी अध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता के साथ अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल कर एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम वरीय पदाधिकारियों के दिशा निर्देश के आलोक में गुरुवार देर रात से ही छापेमारी में जुटी थी. शुक्रवार की देर शाम एसएसपी को गुप्त सूचना मिली की कटरा थाना क्षेत्र के उन्नास मोड़ से भूसरा चौक के बीच एक सीएसपी संचालक को लूटने की योजना बना कर लूटने के लिए अपराध कर्मी एकत्रित हुए हैं.

सूचना मिलते ही गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर श्वेतांग कुमार और राजीव कुमार नामक दो अपराधियों को खदेड़ कर पकड़ लिया. पूछताछ में उक्त दोनों आरोपियों ने लाइनर रवि कुमार का नाम पुलिस के समक्ष बताया जिसके आधार पर पुलिस टीम ने रवि कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. रवि कुमार की निशानदेही पर कटरा थाना क्षेत्र के धनौर में छापेमारी कर कुख्यात अपराधी मृत्युंजय सिंह के आवासीय परिसर में अवस्थित भूसा घर से ऐक देशी कट्टा और चार कारतूस बरामद कर लिया, हालांकि इस दौरान मृत्युंजय सिंह भागने में कामयाब रहा.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के दिशा निर्देश पर पुलिस गिरफ्त में आये तीनों अपराधियों के आपराधिक इतिहास खंगालने के दौरान यह सामने आया है कि श्वेतांग कुमार और रवि सिंह पुराना हिस्ट्रीशीटर रहा है और श्वेतांग कुमार के खिलाफ कटरा थाने में दहेज उत्पीड़न, लूट, आर्म्स एक्ट समेत लगभग आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, वहीं लाइनर रवि सिंह के खिलाफ भी कटरा थाना में वर्ष 2015 और 2017 में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं.

हाल के कुछ वर्षों में कटरा इलाका कुख्यात अपराधकर्मियों का गढ़ माना जाने लगा है, जहाँ रंगदारी को लेकर फायरिंग आम बात हो गई है. पिछले दो महीनों के दौरान बेखौफ अपराधियों द्वारा लगभग पाचवीं बार फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है. अब इसे पुलिसिया कार्रवाई से तिलमिलाये प्रतिक्रिया स्वरुप अपराधियों की जवाबी कार्रवाई कह लें या दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई कार्रवाई. लगातार दो दिनों से पुलिस प्रशासन को खुलेआम चुनौती देते हुये थाना के समक्ष फायरिंग कर बेखौफ अपराधियों ने अपनी सशक्त मौजूदगी का अहसास करा दिया है.

बता दें कि कटरा थाना क्षेत्र में धनौर के दो कुख्यात आपराधिक गिरोहों के बीच एक लम्बे समय से अदावत जारी है. वर्चस्व को लेकर पहले भी हत्यायें तक हो चुकी हैं, और हाल के दिनों मे भी अपने गिरोह का वर्चस्व जमाने को लेकर आये दिन आपराधिक घटनायें और टकराव देखा जा रहा है. शहर में घटित किसी भी बड़ी घटना के तार जेल के अलावा कटरा के धनौर से कहीं न कहीं अवश्य मिल जाते हैं. बहुचर्चित समीर कुमार हत्याकांड समेत, जुगनू सिंह पर गोलीबारी, गैंगस्टर संतोष पाठक हत्या, कोई बड़ी लूट या अत्याधुनिक हथियारों की बरामदगी, प्रथमदृष्टया पुलिस विभाग की मानसपटल पर कटरा-धनौर इलाका ही सर्वप्रथम कौंधता है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.