
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले के पूर्वी अनुमण्डल के हथौड़ी थाना क्षेत्रान्तर्गत अम्मा गांव में गत दिनों कैश लूटकांड में आरोपित एक अपराधी को गठित पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिल भी जप्त कर लिया गया है.

इस सम्बन्ध में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व हथौड़ी थाना क्षेत्र के अम्मा गाँव में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधकर्मियों ने कैश लूट की घटना को अंजाम दिया था. मामले के सफल उद्भेदन हेतू पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष हथौड़ी श्रवण कुमार, थानाध्यक्ष बोचहाँ राजेश रंजन व पुलिस बल को शामिल कर टीम गठित की गई.

गठित टीम ने मानवीय श्रोतों और जाँच के आधार पर हथौड़ी थाना क्षेत्र के कफेर बरवारा में छापेमारी कर मो. रशीद के पुत्र मो. नन्हे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के समक्ष दिये स्वीकारोक्ति बयान में उसने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

इसके साथ ही पुलिस टीम ने गिरफ्तार मो. नन्हे की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया. गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को अपने अन्य साथियों के नाम भी बताये हैं, जिसके आधार पर जांच पड़ताल कर पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुये गिरफ्तारी हेतु छापेमारी में जुटी है.
