मार्च में मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो ने ग्राहकों की संख्या के मामले में वोडाफोन आइडिया और भारती एयरटेल को पछाड़ दिया है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मार्च के मोबाइल ग्राहकों के आंकड़े जारी किए हैं, जिससे ये पता चला कि मार्च महीने में एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या कम हुई है। वहीं जियो के ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों के अनुसार माह के दौरान वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या 1.45 करोड़ कम हुई है जबकि भारती एयरटेल के 1.51 करोड़ कनेक्शन कम हुए हैं।
ट्राई के अनुसार मार्च, 2019 के अंत तक वोडाफोन आइडिया के मोबाइल कनेक्शन की संख्या 39.48 करोड़ थी। मार्च के अंत तक भारती एयरटेल के मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या 32.51 करोड़ रही जबकि उसकी प्रतिद्वंद्वी रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या 30.67 करोड़ थी।
ट्राई के अनुसार मार्च में कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या 116.18 करोड़ पर आ गई जो फरवरी के अंत तक 118.36 करोड़ थी। शहरी क्षेत्रों में मार्च के अंत तक मोबाइल ग्राहकों की संख्या 65.04 करोड़ रही जो फरवरी के अंत तक 65.65 करोड़ थी। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 52.71 करोड़ से घटकर 51.13 करोड़ रह गई।

