
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : गोला रोड के लापता व्यवसायी छोटन चौधरी हत्याकांड से पुलिस की लापरवाही खुलकर सामने आई है. मामले में नगर थाना पुलिस पर मामले में शिथिलता बरतने के भी आरोप लगे हैं. मामले में जोनल आईजी ने संज्ञान लेते हुए नगर थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण की मांग की है. गोला रोड के लापता व्यवसायी छोटन चौधरी हत्या मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह द्वारा जोनल आईजी को सौंपे गए जांच प्रतिवेदन के आधार पर नगर थानेदार पर निलंबन की कार्रवाई तय मानी जा रही है.

जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान ने गोला रोड के लापता व्यवसायी की हत्या को गंभीरता से लेते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी से जांच कर रिपोर्ट मांग की गयी थी. एसएसपी द्वारा जांच रिपोर्ट में बताया गया है की नगर थानेदार द्वारा त्रुटि कॉलम में कांड में गलत धारा अंकित की गयी थी, इसके साथ ही भा.द.वि. की धारा 364 का समावेशन नहीं करने और व्यवसायी पुत्र द्वारा दिए गए आवेदन में व्यवसायी को दी गई धमकी के सम्बन्ध में भा.द.वि. की धारा 506 की जगह 509 अंकित करने का आरोप है.

एसएसपी मनोज कुमार की जांच रिपोर्ट आने के बाद जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खां ने पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष नगर ओमप्रकाश को अगले सात दिनों में निलंबन और विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं. जोनल आईजी ने इस मामले में बरती गई लापरवाही के लिए नगर थानेदार को स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपने मंतव्य के साथ 7 दिनों में समर्पित करने के आदेश दिए हैं. इस पुरे मामले से पुलिस मुख्यालय को भी अवगत कराया गया हैं.

विदित हो की 10 मई को लापता व्यवसायी के शिक्षक पुत्र पंकज कुमार चौधरी ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज़ कराइ थी, जिसमें उन्होंने बताया कि व्यापार को लेकर उनके पिता छोटन चौधरी को पूर्व में दो बार गोविंद मोटानी के पुत्र अश्विनी मोटानी द्वारा धमकी भी दी जा चुकी है. रविवार 19 मई को लापता व्यवसायी की सकुशल बरामदगी हेतु गोला रोड के व्यवसायियों ने टायर जला कर सड़क जाम करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था, जिस पर पुलिस हरकत में आई थी और उसी दिन देर रात दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए मामले का पटाक्षेप किया था. गिरफ्तार आरोपियों ने व्यवसायी का बकाया राशि पचाने को लेकर 10 मई की रात ही हत्या कर शव को सिकंदरपुर स्थित बूढी गंडक नदी में फेंके जाने की बात स्वीकारी थी. एसडीआरएफ टीम और जिला पुलिस द्वारा 36 घंटो के अथक प्रयास के बाद व्यवसायी का शव बूढी गंडक नदी से बरामद किया गया था.

गौरतलब हो की अपराध नियंत्रण की दिशा में जोनल आईजी के तेवर सख्त रहे हैं. इससे पूर्व भी उन्होंने 21 मई को कंट्रोल में विफल करजा थानाध्यक्ष उदय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया था वहीं निलंबन के विरुद्ध सदर थानेदार नवीन कुमार से भी स्पष्टीकरण की मांग की गयी थी. उनका कहना है की अपराध नियंत्रण में विफल थानेदारों के साथ सीधे निलंबित की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी. क्राइम कंट्रोल के साथ सक्रिय अपराधकर्मियों प् लगाम लगाने में अक्षम थानाध्यक्षों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा.

उन्होंने स्पष्ट लहज़े में कहा है की सभी पुलिस उपाधीक्षकों व उनके क्षेत्र के थानाध्यक्षों के साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक अलग-अलग समीक्षा कर क्षेत्र में घटित आपराधिक घटनाओं के अवलोकन उपरांत यह सुनिश्चित करेंगे की उक्त मामले में डीएसपी और थानेदार द्वारा क्या-क्या कार्रवाई की गई. सभी बिंदुओं पर समीक्षोपरांत लापरवाह थानेदारों को चिन्हित कर विभागीय/निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. पुलिस उपाधीक्षकों द्वारा भी कर्त्तव्य में लापरवाही प्रकाश में आने पर उनपर भी कार्रवाई निश्चित है.
