एनडीए प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत, MUZAFFARPUR से अजय निषाद तो VAISHALI से वीणा देवी विजयी

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : लोकसभा चुनाव के नतीजों से बिहार की सियासत में नए अध्याय की शुरुआत का आगाज हुआ है. इसका सबसे गहरा असर महागठबंधन, लालू परिवार और राजद पर पड़ सकता है. 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों में संपन्न लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर गिनती की शुरुआत सुबह आठ बजे से हुई. बिहार में 40 लोकसभा की सीटों पर विभिन्न दलों के कुल 626 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया.

मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार अजय निषाद 6,66,878 वोट के साथ महागठबंधन उम्मीदवार राज भूषण चौधरी को 4,09,988 वोट के अंतर से पीछे छोड़ते हुए विजयी हुए. वहीं वैशाली से लोजपा की वीणा देवी ने महागठबंधन से राजद के प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह को 2,34,584 मतों से पीछे छोड़कर कुल 5,68,215 मत हासिल किये. 16-वैशाली संसदीय क्षेत्र से निकटतम प्रत्याशी रहे रघुवंश प्रसाद सिंह को 3,33,631 मत मिले वहीं 15 मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र के निकटतम प्रत्याशी महागठबंधन के राजभूषण चौधरी 2,56,890 पर सिमट गये.

जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद संबंधित क्षेत्रों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र निर्गत करने के साथ ही जीत की बधाई दी.

लगातार दूसरी बार संसद बने अजय निषाद अपनी जीत को लेकर पूर्व सुनिश्चित नज़र आ रहे थे. मतों की गिनती शुरू होने के साथ ही एनडीए प्रत्याशी अजय निषाद लगातार बढ़त बनाये हुए थे. संध्या 5 बजे तक एनडीए प्रत्याशी निकटतम प्रतिद्विंदी राजभूषण चौधरी से लगातार 1 लाख 93 हज़ार वोटों से बढ़त बनाये हुए थें.

संध्या 4:00 बजे के आसपास वो अपने समर्थकों संग मतगणना स्थल के पास पहुंचे जहाँ समर्थकों ने फूल-मालायें पहना कर उन्हें जमकर अबीर गुलाल लगाया और जीत का जश्न मनाया. उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुये इसे मोदी जी की जीत बताया और इस ऐतिहासिक जीत के लिये जिले की जनता का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जो भी छोटे-बड़े काम बचे हैं वो इस कार्यकाल में निश्चित ही पूरे किये जायेंगे.

मोदी जी का नारा ही है सबका साथ सबका विकास. इसके तहत सभी गरीब-गुरबों का खयाल रखते हुये उन तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया जायेगा. बहुप्रतीक्षित पताही हवाई अड्डे की मांग पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीयत और नीति दोनों ही साफ हैं. सरकार में जो भी नागरिक उड्डयन मंत्री होंगे उनसे प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री द्वारा मुजफ्फरपुर की जनता से किये वायदे को निश्चित रुप से पूर्ण किया जायेगा.

बता दें कि कैप्टन जयनारायण निषाद 2009 चुनाव तक सक्रिय रहे. 1996, 1998, 1999 और 2009 में वह यहां से सांसद रहें. 2014 में उनकी राजनीतिक विरासत पुत्र एवं भाजपा सांसद अजय निषाद ने संभाली. पहले चुनाव में ही उन्हाेंने भारी अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश सिंह काे भारी अंतर से हराया था.

इधर वैशाली लोकसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी वीणा देवी तकरीबन 5,68,215 वोटों के साथ महागठबंधन प्रत्याशी व दिग्गज राजनीतिक नेता रघुवंश प्रसाद सिंह को हराकर जीत दर्ज की.
वैशाली सीट से पूर्व विधायक लाेजपा की वीणा देवी पहली बार लाेकसभा के लिए भाग्य आजमाई और लोजपा के टिकट पर भारी अंतर से जीत दर्ज़ की. उनके समक्ष राजद के उपाध्यक्ष व दिग्गज नेता डाॅ. रघुवंश प्रसाद सिंह मैदान में थे, जो वर्ष 1996 से 2004 तक लगातार पांच बार यहां से संसद पहुंचे थें. पिछले चुनाव में उन्हें लाेजपा के रामाकिशाेर सिंह से हार का सामना करना पड़ा था, और इस बार भी वीणा देवी ने उन्हें करारी शिकस्त दी है.

मतगणना स्थल पर पहुँची वीणा देवी ने इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुये कहा कि सर्वप्रथम मैं वैशाली की जनता का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझपर विश्वास कर मुझे ऐतिहासिक जीत दिलाई है. उन्होंने कहा कि मैं वैशाली की बहू हूँ. वैशाली की बहू को जनता ने जिस प्रचंड बहुमत से जिताया है तो एक बहू का कर्तव्य निभाते हुये मैं भी अपने घर रूपी जिले का ख्याल रखते हुये समग्र विकास का कार्य पूर्ण करुंगी.
उन्होंने कहा कि मेरे अपमान का बदला वैशाली की जनता ने वैशाली की बहू को मजबूत जनाधार सौंप कर लिया है. मेरे नामांकन को रद्द करवाने की हर संभव कोशिश की गई जो नाकाम साबित हुई.

मतगणना के दौरान मुज़फ्फरपुर के बाजार समिति स्थित मतगणना स्थल के आस पास जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लागु की गयी थी जिसकी जानकारी पुलिस वाहन पर लगे माइक के माध्यम से दी जा रही थी. मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, एएसपी अभियान विमलेश चंद्र झा, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन के साथ ही पारु सर्किल इंस्पेक्टर धनन्जय कुमार, एसएसबी की कम्पनियाँ, होमगार्ड व बिहार पुलिस के जवान तैनात थे.


Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.