दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू, हार की होगी समीक्षा

लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। बैठक शुरू होने से सबसे पहले आरपीएन सिंह, पीएल पुनिया और मोतीलाल वोरा के पहुंचने की तस्वीरें सामने आई थी।

उसके बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम, सिद्धारमैया और कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस में जबर्दस्त उथलपुथल है। हार की समीक्षा के लिए शनिवार को कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है। इसमें पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी इस्तीफे की पेशकश कर सकते हैं। इस बीच, यूपी में अब तक के सबसे बुरे प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने इस्तीफे की पेशकश की है।

राज बब्बर का हटना तय माना जा रहा है। वहीं, ओडिशा अध्यक्ष निरंजन पटनायक और कर्नाटक चुनाव प्रभारी एसके पाटिल ने भी इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक राहुल ने अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए कुछ वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की लेकिन सभी ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी है।

                   

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.