मोदी सरकार ने अधिकारियों से कहा, 100 नहीं 1000 दिन का बनाएं एजेंडा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने प्रचंड बहुमत से जीत दिलाई है। अब 30 मई को वह दोबारा प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस बार खास बात यह होगी कि वह 100 दिन नहीं बल्कि 1000 दिन के एजेंडे पर कार्य करेंगे जिसे 2022 के मध्य तक खत्म करना होगा। इसी साल भारत की आजादी को 75वां साल पूरे हो जाएंगे। यह बात दो अधिकारियों ने बताई है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार एजेंडे में बहुत सी चीजें शामिल होंगी। जिसमें महिलाओं को कृषि क्षेत्र में सशक्त बनाने से लेकर भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजना तक शामिल होगा। दूसरे कार्यकाल में मोदी ने न्यू इंडिया बनाने का वादा किया है और वह इसे पूरा करने की तरफ कार्य करेंगे।

एक महत्वपूर्ण सरकारी विभाग में काम करने वाले अधिकारी ने कहा, ‘हमें 1000 दिनों का एजेंडा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। नए मंत्री और विभागाध्यक्षों को 2022 तक इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार करनी होगी।’ एजेंडे में अंत्योदय (गरीबों के उत्थान) जोकि समावेशी सामाजिक कल्याण कार्यक्रम है उसपर निरंतर जोर दिया जाएगा।

इसी तरह के कार्यक्रमों पर जोर दिया जाएगा जिसने 2200 लाख लोगों को फायदा पहुंचाया है। इसी कारण एनडीए पर लोगों ने भरोसा जताते हुए उसे दोबारा सत्ता की चाबी सौंपी है। माना जा रहा है कि मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह 100 दिन के एजेंडे की बजाए तीन सालों की व्यापक रणनीति तैयार करें।

एक अधिकारी ने कहा, ‘विभागों से कहा गया है कि वे नई सरकार के गठन का इंतजार न करें, बल्कि तुरंत कार्रवाई करना शुरू कर दें। मंत्रिपरिषद गठित होने और विभागों के आवंटन किए जाने के बाद, वह बिना समय बर्बाद किए मिशन मोड में रणनीतियों को लागू करना शुरू कर देंगे।’

गुरुवार को चुनाव नतीजे आने के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘अगले पांच सालों में हर भारतीय यह प्रतिज्ञा लें कि वह राष्ट्र को मजबूत बनाएगा। इस मिशन के लिए उसी भावना की आवश्यकता होगी जैसे कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देखने को मिली थी। आजादी के 75 साल पूरे होने से पहले 2022 तक भारत को एक मजबूत राष्ट्र बना सकते हैं।’

                  

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.