कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की जा रही है। यहां मौजूद पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों ने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्षके इस्तीफे को सर्वसम्मति से नामंजूर किया गया है। सुरजेवाला ने बताया कि सीडब्ल्यूसी ने राहुल गांधी को पार्टी के पुनर्गठन के लिए बदलाव करने का अधिकार दे दिया है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही एक प्लान लाया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में कहा गया कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान करती है। हमने चुनाव हारा है लेकिन साहस अब भी बरकरार है। पार्टी साहसी वोटरों का सम्मान करती है। इससे पहले पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई थी। बैठक में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे।

