MUZAFFARPUR : जोनल आईजी के निर्देश पर एसएसपी के नेतृत्व में जिले के वित्तीय संस्थानों व पुलिस अधिकारियों की समन्वय बैठक सम्पन्न

MUAFFARPUR (ARUN KUMAR) : बढ़ते लूटकांड पर संज्ञान लेते हुये बीते शुक्रवार को तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान द्वारा बैंकों के प्रबंधकों, गैस एजेंसियों, माइक्रोफाइनेंस कम्पनियों, पेट्रोल पंपों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक करने के दिये दिशा निर्देश दिये गये थे.

जोनल आईजी के दिशा निर्देश के आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों और जिले के फिनांस कम्पनियों, बैंकों, सीएसपी केन्द्रों, गैस एजेंसियों, पेट्रोल पम्पों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों की समन्वय बैठक रविवार दोपहर एक बजे से सिकंदरपुर स्टेडियम स्थित डीआरसीसी भवन में सम्पन्न हुई.

आयोजित समन्वय बैठक के दौरान एएसपी अभियान विमलेश चन्द्र झा, पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन, पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी गौरव पाण्डेय, एसडीपीओ सरैया डाॅ शंकर झा, पारु सर्किल के पुलिस निरीक्षक धनंजय कुमार समेत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थानाध्यक्ष व पुलिस निरीक्षक शामिल थे.

बैठक में जिले के वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपने सभी मुद्दे रखे हैं और प्रशासन से सहयोग की अपील की. एसएसपी ने बताया कि समन्वय बैठक में सभी बिन्दुओं के मद्देनजर एक कार्य योजना तैयार की गई है, जिससे सभी संस्थानों प्रतिष्ठानों के नगद लेनदेन के दौरान एहतियाती कदम उठाते हुए सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है.

उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण यह है कि जिले के सभी वित्तीय संस्थानों और थाना के बीच समन्वय स्थापित कर सक्रियता बढ़ाई जाए, इस मुद्दे पर सामूहिक सहमति बनी है. एसएसपी ने कहा कि आगामी दिनों में इस समन्वय बैठक के सफल नतीजे सामने आएंगे.

एसएसपी ने कहा कि प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए लगभग सभी सवालों के आलोक में समाधान भी बताया गया है. इस पर अमल करते हुए पुलिस पदाधिकारी के साथ ही वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी काफी मदद मिलेगी.

उन्होंने वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों, व्यवसायी वर्ग के साथ पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाने पर अधिक बल दिया. एसएसपी ने कहा कि बड़े वित्तीय लेनदेन या बैंक में राशि जमा कराने के पूर्व संबंधित थानाध्यक्ष, पुलिस उपाधीक्षक या सिटी एसपी से पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा की मांग की जा सकती है.

संबंधित थानाध्यक्षों द्वारा नगद राशि के लेन-देन के दौरान उचित सुरक्षा मुहैया कराने की पूर्णरूपेण जिम्मेवारी होगी. इसके अलावा जिले में कैश लूट की रोकथाम हेतु गठित बाइक क्यूआरटी टीम से भी मदद ली जा सकती है. कारबाईन और पिस्टल से लैस 16 क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है. जो सोमवार से जिले के प्रमुख स्थानों यथा बैंकों, एटीएम, बड़े वित्तीय संस्थानों के आसपास गश्ती लगाते हुये संदिग्धों पर नजर रखेगी और जाँच करेगी.

उन्होंने बताया कि घटनाएं रोकने में पूरी तरह पुलिस प्रशासन प्रयासरत है साथ ही पूर्व में घटित लूट की घटनाओं का उद्भेदन करने हेतु पुलिस की जांच टीम जुटी है.

एसएसपी ने बताया कि व्यापारी वर्ग के मन में उपज रहे सभी संशयों का निराकरण करते हुए पूर्ण विश्वास दिलाया गया है कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा हेतु हर कदम पर उनके साथ है और तत्पर है. उन्होंने व्यापारी वर्ग को संबंधित थानाध्यक्षों से आपसी समन्वय बनाकर सुरक्षित लेन-देन करने और सतर्कता बरतने के सुझाव दिये.

इसके साथ ही एसएसपी ने उपस्थित वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों से कहा कि पूर्व में बहुत सारे ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें लूट की घटना को अंजाम देने में संबंधित प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों ने ही लाइनर की भूमिका निभाई है. इसके मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्कता बरतते हुए अपने संस्थानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की पूर्ण जानकारी संकलित कर संबंधित थाना, सिटी एसपी या डीएसपी को देने के निर्देश दिये.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.