सिलेंडर ब्‍लास्‍ट में जेडीयू विधायक मेवालाल चौधरी तथा उनकी पत्नी नीता चौधरी घायल

बिहार में सिलेंडर ब्‍लास्‍ट में जनता दल यूनाइटेड विधायक मेवालाल चौधरी तथा उनकी पूर्व विधायक पत्‍नी नीता चौधरी घायल हो गईं हैं। देर रात करीब 12 बजे विधायक के मुंगेर के तारापुर स्थित कमरगामा गांव के आवास पर हुई इस घटना में नीता चौधरी की हालत गंभीर बनी हुई है। नीता भी तारापुर से विधायक रह चुकी हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मुंगेर के तारापुर स्थित विधायक मेवालाल चौधरी के घर में अचानक सिलेंडर में आग लग गई। दुर्घटना में सिलेंडर ब्‍लास्ट हो गया। इसमें विधायक की पत्‍नी नीता चौधरी घायल हो गईं। उन्‍हें बचाने के क्रम में विधायक भी घायल हो गए।

मेवालाल चौधरी के स्टाफ अभिषेक ने बताया कि रात करीब 11.45 बजे रसोई घर में रखे सिलेंडर के गैस रिसाव होने लगा। उन लोगों ने विधायक और उनकी पत्नी को जगाया। पत्नी-पत्नी रसोई घर पहुंचे और बल्ब जलाकर गैस को बंद कर दिया। इसके बाद नीता चौधरी लाइटर जलाकर देखने लगीं। लाइटर जलाने के कारण गैस सिलेंडर विस्फोट कर गया। इस घटना में नीता चौधरी बुरी तरह झुलस गईं। उन्‍हें बचाने के क्रम में मेवालाल चौधरी के दोनों हाथ जख्मी हो गए।

घायल दंपती को रात तकरीबन डेढ़ बजे बजे मायागंज में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि नीता चौधरी 90 फीसद झुलस गई हैं। नीता चौधरी बात कर रही हैं, लेकिन हालत नाजुक है। गंभीर हालत देखते हुए उन्‍हें पटना रेफर कर दिया गया है।

                       

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.