चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही कृषि विभाग अब किसानों के हित के लिए कमर कसकर तैयार हो गया है। सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में आत्मा के तत्वावधान में जिलास्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम चन्द्रशेखर झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जबकि, मंच संचालन अमान अहमद ने किया।
इस दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते एडीएम ने कहा कि आत्मा द्वारा आयोजित खरीफ कार्यशाला की सार्थकता तभी हासिल होगी जब सुदूर गांवों के किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। नोडल पदाधिकारी डॉ.ब्रजेश कुमार ने इस बात की चेतावनी दी कि योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कृषि पदाधिकारी कृष्णाकांत चक्रवर्ती ने खरीफ योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2019-20 अंतर्गत जिले में नब्बे हजार हेक्टेयर में धान की खेती करने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि उत्पादन का लक्ष्य 366300 टन निर्धारित किया गया है।
आत्मा के परियोजना निदेशक देवनंदन राम ने बताया कि एम किसान पोर्टल के माध्यम से लगभग तीन लाख किसानों के मोबाइल पर कृषकोपयोगी सूचनाएं लगातार भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 30 मई से 09 जून तक सभी प्रखंडों में खरीफ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला को संबोधित करते जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ देवकरण, डॉ. मंधाता सिंह, रामकेवल, हरिगोविद जायसवाल ने तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के संचालन में रघुकुल तिलक, बालाजी, चंदन कुमार सिंह तथा दीपक कुमार की अहम भूमिका रही। मौके पर सभी बीएओ, बीटीएम, एटीएम, कृषि समन्वयक के अलावा जिले के कई किसान श्री एवं किसान मौजूद थे।

