
PATNA : राजधानी पटना स्थित एसएसपी कार्यालय में अपराध नियंत्रण की दिशा में डीजीपी द्वारा रविवार रात 8 बजे से करीब 3 तीन घंटे तक चली अपराध समीक्षा बैठक में डीजी टीम से जांच कर अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था संधारण में पुलिसकर्मियों के भूमिका की समीक्षा कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की गई है.

बढ़ते अपराध को लेकर की गई बैठक में पटना, वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले में तेजी से बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहन विमर्श किया गया और कई दिशा निर्देश जारी किये गये. आलमगंज, दानापुर, फतुहा और दीदारगंज में लूट की बड़ी वारदातों समेत बुद्धा कॉलोनी थाना के तहत अपराधी रवि राय की हत्या, दानापुर में ज्वेलरी शॉप लूटने के दरम्यान शॉप मालिक को गोली मारने और 60 लाख रुपए कैश लूट में भी अब तक पटना पुलिस के हाथ खाली हैं. डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डीजीपी के साथ एडीजी लॉ एंड आर्डर अमित कुमार, पटना के जोनल आईजी सुनील कुमार, सेंट्रल रेंज के डीआईजी राजेश कुमार, एसएसपी गरिमा मलिक के साथ ही सभी सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, सभी अनुमंडलों के डीएसपी/एसडीपीओ और थानेदार मौजूद हैं.

डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने बैडक के उपरांत बताया कि यह बैठक पटना, वैशाली और मुजफ्फरपुर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण को लेकर की गई थी, जिसमें गठित डीजी टीम की तीनों जिलों में अपराध समीक्षा के बाद समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की जायेगी. डीजीपी ने बताया कि बैठक में मुख्य रुप से पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ कर्तव्यनिर्वहन के प्रति जागरुक करना था.

उन्होंने बताया कि संबंधित जिले के इलाकों में आपराधिक घटना घटित होने पर एसपी/एसएसपी की जिम्मेदारी के साथ ही पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष भी सामूहिक रुप से जिम्मेवार होंगे. उन्होंने सूबे के समस्त पुलिस पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया कि लूट, डकैती, हत्या जैसे गंभीर मामलों में समीक्षा ससमय करते हुये अनुसंधान से लेकर चार्जशीट दाखिल करने तक गंभीर रहें. उन्होंने संगठित अपराधकर्मियों की सूची बनाकर अभियान चलाते हुये चिन्हित अपराधकर्मियों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलवाने की बात फिर से दोहराई.

उन्होंने बताया कि आगामी 5 जून से 8 जून तक पटना जिले के सभी 9 अनुमंडल के समस्त पुलिस उपाधीक्षकों और थानाध्यक्षों के कार्यों की समीक्षा गठित डीजी टीम करेगी और एकसाथ जांच प्रारम्भ कर सभी नौ अनुमंडलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षकों द्वारा विधि व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण की दिशा में अब तक किये गये कार्रवाई और उनकी भूमिका की जांच करेगी. डीजी टीम के जांचोपरांत कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है.
5 से 8 जून तक पटना के सभी 9 अनुमंडलों की समीक्षा प्रतिवेदन समर्पित करने के उपरांत वैशाली और मुजफ्फरपुर में डीजी टीम अपराध समीक्षा बैठक करेगी और जांचोपरांत शिथिलता बरतने वाले अधिकारी नपेंगे.

पुलिस महानिदेशक श्री पाण्डेय ने मुजफ्फरपुर में जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान द्वारा अपराध नियंत्रण की दिशा में किये जा रहे सार्थक प्रयासों की सराहना की और कहा कि डीजी टीम पटना के बाद वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले में भी लूटकांड, डकैती, हत्या जैसे गंभीर आपराधिक मामलों की समीक्षा कर संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करते हुये चिन्हित अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान की कार्यदक्षता की जांच व समीक्षा करेगी. विधि व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में ढीला ढाला रवैया अपनाये जाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ ही अपराध प्रभावित थाना को चिन्हित कर संबंधित क्षेत्र में घटित आपराधिक घटनाओं में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए थानेदारों के खिलाफ विभागीय जांचोपरांत सीधे-सीधे निलंबन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जायेगी.

उन्होंने कहा कि पटना के बाद वैशाली और मुजफ्फरपुर में अपराध की घटनायें बढ़ी हैं और बिहार पुलिस इस पर विचारण कर सार्थक कदम उठा रही है, उन्होंने कहा कि यदि कोई घटना घटती है तो उसके कोरम पूरा करने के बजाये मंथन करे कि घटना कैसे हुई, किस तरह इस पर पुलिस रोक लगाए, फिर इसकी पुनरावृति नहीं हो. इसके लिए पुलिस क्या करें.

मुजफ्फरपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं में वैशाली के अपराधियों की सक्रिय भूमिका प्रकाश में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पटना की डीजी टीम में शामिल सीआईडी के डीजी विनय कुमार और एडीजी लाॅ एण्ड आॅर्डर अमित कुमार अपराध समीक्षा बैठक कर जांच करने वैशाली गये थे. जिसकी जाँच प्रतिवेदन एक-दो दिनों में प्राप्त हो जायेगी. पुलिस सूत्रों की मानें तो डीजी टीम के जांच प्रतिवेदन के आधार पर वैशाली के भी लगभग एक दर्जन पुलिस पदाधिकारियों पर भी गाज गिरने की प्रबल संभावना मानी जा रही है.
उन्होंने कहा कि डीजीपी द्वारा गठित डीजी टीम पूरी तरह सक्रिय है और बिहार के किसी भी जिले में कभी भी बिना किसी पूर्व सूचना के एसपी/एसएसपी और डीएसपी/एसडीपीओ कार्यालय में पहुँच कर कर सकती है औचक निरीक्षण.

Sir crime par crime hote ja raha hai aap kahi rahe crime rok nhi raha hai sir jald se jald karbaei kijiye