कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मधुमक्खीपालन सहित 23 प्रकार के अन्य कोर्स में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिलने में आसानी होगी। प्रशिक्षण के बाद बैंक से लोन लेकर युवा स्वरोजगार भी कर सकता है। केसीसी के तहत बिना गारंटर एक लाख रुपए का लोन सालाना मात्र 3 हजार ब्याज पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। कृषि विभाग कौशल विकास योजना के तहत किसानों, युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षित कर रहा है। मंगलवार को बामेती में वे विभिन्न कोर्स में प्रशिक्षित युवाओं को प्रमाण पत्र वितरण के बाद संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि फ्लोरिकल्चरिस्ट-ओपेन कल्टिवेशन, फ्लोरिकल्चरिस्ट-प्रोटेक्टेड कल्टिवेशन, माली, ग्रीन हाउस फीटर, मैंगो ग्रोवर, मेडिसिनल प्लांट ग्रोवर, माइक्रो इरिगेशन टेक्नीशियन, मशरूम उत्पादक (लघु उद्यमी), नीरा टेक्नीशियन, ऑर्गेनिक ग्रोवर, पैकहाउस वर्कर, पेस्टीसाइड एवं फर्टिलाइजर एप्लीकेटर, क्वालिटी सीड ग्रोवर, सीड एनालाइसिस इंचार्ज, सीड प्रोसेसिंग प्लांट तकनीशियन, सीड प्रोसेसिंग वर्कर, सर्विस एवं मेंटेनेंस तकनीशियन-फार्म मशीनरी, सूगरकेन कल्टीवेटर, ट्रैक्टर मेकैनिक, वर्मी कम्पोस्ट प्रोड्यूसर, वेयरहाउस वर्कर, वाटरशेड असिस्टेंट कोर्स चलाए जा रहे हैं। इस सेक्टर के विशेषज्ञ और कृषि वैज्ञानिक इन्हें प्रशिक्षण देते हैं।

30 दिनों में 240 घंटे और 35 दिनों में 320 घंटे का प्रशिक्षण कोर्स निर्धारित किया गया है। मैट्रिक उत्तीर्ण 15 से 59 आयु वर्ग के लोग प्रशिक्षण ले सकते हैं। इस योजना से राजेंद्र कुमार केंद्रीय कृषि विवि, पूसा समस्तीपुर, बिहार कृषि विवि, सबौर भागलपुर, के तहत कृषि व उद्यान कॉलेज, कृषि विज्ञान केंद्रों बामेती और 38 आत्मा जिलों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस योजना से 3540 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बामेती के माध्यम से मशरूम ग्रोवर 4 प्रशिक्षण और रूफ गार्डेनिंग विषय पर एक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में 150 ने भाग लिया, जिसमें 140 सफल प्रशिक्षार्थियों को मंत्री ने प्रमाण पत्र दिया। मौक पर बामेती निदेशक डॉ. जितेंद्र प्रसाद, सहायक उद्यान निदेशक अजीत कुमार यादव सहित विभागीय अधिकारी व किसान मौजूद थे।
