पटना : पटना के जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान ने कैमूर के तत्कालीन कुदरा थाना प्रभारी को बर्खास्त कर दिया है। आईजी ने थाना प्रभारी के कृत्य को गंभीरता से लिया और उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया। पुलिस मैन्युल के अनुसार यह कार्रवाई की गयी है। धारा 311/2 के तहत तत्कालीन कुदरा थाना प्रभारी को डिसमिस किया गया है।

बता दें कि कुदरा थाना प्रभारी नागेंद्र पासवान शराब के नशे में पाये गये थे, जिसको लेकर पुलिस के आलाधिकारियों की काफी फजीहत हुई थी। मीडिया में यह खबर सुर्खियों में था।
खास बात यह है कि शराब के नशे में पाये गये नागेंद्र पासवान ने अपने क्षेत्र को शराब मुक्त होने का सर्टिफिकेट भी दे रखा था। थाना प्रभारी के शराब के नशे में पकड़े जाने पर सरकार की काफी किरकिरी हुई थी।
यह कयास उसी वक्त लगने लगा था कि आरोपी थानेदार के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। आईजी नैय्यर हसनैन खान ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बर्खास्त कर दिया है। बाद में कागजी कार्रवाई कर नागेंद्र पासवान को जेल भेज दिया गया।