सुपर स्टार रवि किशन ने सोमवार को भोजपुरी सिनेमा की तरक्की और उसमें राज्य सरकार के सहयोग के मुद्दे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई, जिसमें मोदी की ओर से उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया. साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री के सामने राज्य भर के छोटे शहरों और कस्बों में 500 थियेटरों का चैन लाने की इच्छा जताई. बता दें कि रवि किशन भाजपा के नेता भी हैं.

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मुलाकात के बाद रवि किशन ने कहा कि यह मुलाकात बेहद सकारात्मक रही. उन्होंने कहा कि भोजपुरी सिनेमा की दशा और दिशा को लेकर उनसे बात हुई. उन्होंने यह मामला उठाया कि दूसरे राज्यों में भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग में सरकार का बेहतर सहयोग मिलता है. यूपी और झारखंड में तो सरकार सब्सिडी भी देती है. लेकिन, बिहार की भाषा भोजपुरी अपनी ही माटी में सरकार की ओर से उपेक्षा की शिकार है. ऐसे में हमने उनसे आग्रह किया है कि बिहार में भोजपुरी सिनेमा के विकास के लिए सरकार की ओर सब्सिडी दी जाए.
रवि किशन ने कहा कि हमारी इच्छा है बिहार में 500 थियेटरों का चैन लाने की. इसके लिए हमें राज्य सरकार की मदद की जरूरत होगी. उन्होंने कहा कि बिहार की माटी ने हमें रवि किशन बनाया है, इसलिए हम यहां सिनेमा के विकास के लिए कुछ करना चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि इसी दिशा में 500 थियटरों का चैन लाना चाहते हैं, जो तकरीबन 100 के आसपास सीट वाली होगी. इसके लिए हम सरकार से जमीन व अन्य मदद की अपेक्षा करते हैं. उन्होंने कहा कि समाज और प्रदेश की तरक्की में सिनेमा का भी बहुत महत्व है, यही वजह है कि हमने अपना प्रस्ताव से उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को अवगत कराया. उपमुख्यमंत्री ने भी इसमें अपेक्षित सहयोग देने का भरोसा दिया है. उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि भोजपुरी सिनेमा के विकास के लिए जो भी संभव और जरूरी होगा, वह किया जाएगा.