
पटना : पटना के मीठापुर से एक छात्र का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान समीर सागर के रुप में हुई है। बता दें कि मनेर का रहने वाला समीर सागर पिछले 48 घंटे से लापता था। बताया जा रहा है कि पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाला समीर सागर अपनी माशूका के साथ दुर्गा पूजा में घूमने निकला था और उसके बाद वापस घर नहीं आया। इसकी सूचना समीर के परिजनों ने स्थानीय थाने को भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
शनिवार को पटना के मीठापुर स्थित चंद्रगुप्त मौर्य संस्थान के पीछे वाले नाले से एक युवक की शव बरामद की गई। शव से आ रहे दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जक्कनपुर थाना को दी। जिसके बाद जक्कनपुर थाना प्रभारी ने पहुंच कर नाला से शव को बाहर निकाला जिसकी पहचान मनेर निवासी पॉलिटेक्निक छात्र समीर सागर के रुप में किया गया। समीर के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पॉस्टमर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।