SITAMRHI : सीतामढ़ी में तनाव से अधिक अफवाह है. प्रशासन निपटने में लग गया है. अधिक चोटग्रस्त तो पुलिसवाले ही हुए हैं. कुछ दुकानों को नुकसान भी पहुंचाया गया है. अफवाह न फैले, इसके लिए सीतामढ़ी में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. मौके की नजाकत को देखते हुए मुजफ्फरपुर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अनिल कुमार सिंह सीतामढ़ी पहुंच गए हैं. अतिरिक्त पुलिस बल को भी सीतामढ़ी बुलाया गया है. फ्लैग मार्च चल रहा है. लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है. वही स्थिति तनावपूर्ण को देखते हुए सीतामढ़ी अनुमंडल में 31 अक्टूबर तक धारा 144 लागू कर दी गई है. अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई भी होगी.

सीतामढ़ी से मिली जानकारी के मुताबिक़ तनाव विसर्जन के दौरान हुआ. मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्वक पुलिस की देख-रेख में करा दिया गया था. मां काली की एक प्रतिमा विसर्जन को हाजीपुर जाती है. इसी प्रतिमा के विसर्जन के क्रम में मुरलियाचक में कुछ असामाजिक तत्वों ने बदमाशी की. हालांकि इन बदमाशों के साथ पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की. खुद पुलिसवालों ने चोट खायी है.

घटना को लेकर असामाजिक तत्वों के समूह ने पूरे सीतामढ़ी में अफवाहों को फैला दिया. परिणामस्वरुप कुछ दुकान भेंट चढ़े. पर खबर लिखे जाने तक किसी मौत अथवा माब अटैक की सूचना नहीं है. पर रविवार की सुबह कई क्षेत्रों से हिंसक झड़प की सूचना मिल रही थी, वहीं पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने की भी सूचना मिल रही थी।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सीतामढी़ में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है, इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. कई मोहल्लों में हिंसक झड़पें और असामाजिक तत्वों को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज और हल्का पुलिस बल का प्रयोग किए जाने की बात भी सामने आ रही है.

जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी सदर अनुमंडल में 31 अक्टूबर तक धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं और पूरे सीतामढ़ी में नजर बनाए हुए हैं जनता से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान ना दें.

सीतामढ़ी में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सारे अफवाह बेबुनियाद हैं. यह और अधिक न फैले, इसके लिए इंटरनेट सेवा बंद की गई है. अफवाह फैलाने वाले तत्वों और व्हाट्सएप समूहों की पहचान की जा रही है.

सीतामढ़ी में अफवाहों से बढ़े तनाव को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय से भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. जरूरत के मुताबिक़ पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ी भेजी गई है. आईजी-डीआईजी को सीतामढ़ी में ही कैंप करने को कहा गया है. पटना से भी अधिकारी रवाना किये जा रहे हैं. समाज के दोनों सम्प्रदाय के लोग शांति बहाली में लग गए हैं.

सीतामढ़ी की संवेदनशीलता को देख कर राज्य सरकार भी अलर्ट मोड में है. सीतामढ़ी से मिली जानकारी में सरकार को खबर मिली है कि बगैर किसी बड़ी घटना के अफवाह फैलाने की कोशिश की गई है. पर, जिला प्रशासन को विश्वास है कि हालात काबू में रहेंगे. सांप्रदायिक सौहार्द्र को किसी सूरत में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा.