PATNA : आज 21 अक्टूबर रविवार को पूरे देश में पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जा रहा है. इस मौके पर एक सितंबर 2017 से 31 अगस्त 2018 के बीच देश में शहीद जवानों को पूरा देश याद कर रहा है. इस बार केंद्र से जो सूची जारी हुई है, उनमें इस अवधि में शहादत देने वालों की संख्या 414 है. इनमें झारखंड के सात शहीद शामिल हैं. वहीं बिहार में 10 योद्धा वीर गति को प्राप्त हुए हैं. बिहार से पहले यूपी में सबसे ज्यादा 67 जवान शहीद हुए हैं.
वहीं आज पटना में पुलिस संस्मरण दिवस पर आज रविवार को बिहार पुलिस द्वारा शहीदों के सम्मान में परेड का आयोजन किया गया. पटना के बीएमपी 5 परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में डीजीपी के.एस दिवेदी, डीजी रैंक के सभी अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया. इस मौके पर सभी पुलिस पदाधिकारियों ने कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को बीएमपी-5 में बने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की.
21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के पुलिस अधिकारी करम सिंह के नेतृत्व में 20 जवानों की पुलिस टोली पर हॉट स्प्रिंग्स, लद्दाख में 16,000 फीट की ऊंचाई पर गश्त कर रही थी. इस दौरान चीन की सेना ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया. इस आक्रमण में 10 जवान वीर गति को प्राप्त हुए. तब से पुलिस संस्मरण दिवस मानाया जाने लगा.
बिहार के डीजीपी केएस द्विवेदी ने बताया की बीते वर्ष 424 पुलिसकर्मियों ने अमन-चैन, भाई-चारा एवं सामाजिक सहिष्णुता बनाएं रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी है. इसमें बिहार के दस पुलिसकर्मी हैं. शहीद होने वाले बहादुर पुलिसकर्मियों में दारोगा-राम लखन प्रसाद, हवलदार-विजय चौधरी, नसीमुद्दीन खां, राम इकबाल रवीदास, अनिल कुमार, सिपाही -फरमान अंसारी, मुन्ना चौधरी, आकाश कुमार, विश्व मोहन शर्मा,एवं दिनेश कुमार सिन्हा शामिल हैं.