नेपाल से सटे बिहार के सभी जिलों से पूर्वोत्तर भारत तक सीधी रेल सेवा के लिए 464 किलोमीटर का नया वैकल्पिक रेलमार्ग बनाया जा रहा है। इस पर करीब 2000 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण यह लाइन एनएफ रेलवे तक पहुंच के लिए भी दूसरा वैकल्पिक रेलमार्ग होगा।
इस नई रेललाइन के बन जाने के बाद गोरखपुर से कटिहार की दूरी भी कम हो जाएगी। फिलहाल गोरखपुर से कटिहार की दूरी 554 किमी है। इसके अलावा पटना से कटिहार जाने के लिए भी यह दूसरा रेलमार्ग होगा। पांच चरणों में प्रस्तावित प्रोजेक्ट के पूरा होते ही नेपाल से सटे बिहार के सभी जिलों का रेल संपर्क पूर्वोत्तर भारत से सीधे जुड़ जाएगा। प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए ढाई साल का लक्ष्य रखा गया है।
नए सिरे से इंजीनियरों की बनी टीम, चार पर जिम्मा : रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ने प्राथमिकता के आधार पर 464 किलोमीटर लाइन का निर्माण शीघ्र पूरा करने को कहा है। 206 किलोमीटर छोटी लाइन को बड़ी लाइन (आमान परिवर्तन) तथा 258 किलोमीटर नई रेललाइन का निर्माण होना है। इसके लिए पूर्व मध्य रेलवे ने नए सिरे से इंजीनियरों की टीम गठित की है। चार डिप्टी चीफ इंजीनियरों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बक्सर से बनारस तक चलेगी मेमू ट्रेन, रेल राज्यमंत्री ने की घाेषणा
बक्सर/ सीवान. रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने रविवार को पटना-मुगलसराय रूट में दिलदारनगर से गहमर स्टेशन के बीच आधा दर्जन से अधिक यात्री सुविधाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। उन्होंने बक्सर से बनारस के लिए मेमू ट्रेन चलाने की घोषणा की। कहा कि यह ट्रेन सुबह बक्सर से खुलकर 10 बजे बनारस पहुंचेगी और वापसी में बनारस से शाम 4 बजे खुलेगी। इससे बक्सर व आसपास के लोगों के लिए काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन आसान हो जाएगा। ट्रेन का शिड्यूल एक महीने में जारी कर दिया जाएगा। देर शाम उन्होंने महाराजगंज-मशरक नई बड़ी रेललाइन का उद्घाटन किया। उनके आने से पहले ही युवा उग्र हो गए और मंच पर बैठे सांसद सिग्रीवाल और विधायक के सामने ही कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। युवक महाराजगंज को स्टेशन का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे थे।
प्राथमिकता से प्रोजेक्ट को पूरा किया जा रहा है ताकि सीमावर्ती जिलों का रेल संपर्क पूर्वोत्तर भारत से सीधे हो सके। ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य है। -आलोक कंसल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), पूमरे