ओडिशा ऐसा पहला राज्य जहां पेट्रोल से महंगा डीजल, दिल्ली में आज 400 पंप बंद रहेंगे

नई दिल्ली. दिल्ली सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर वैट में कमी नहीं किए जाने के विरोध में 400 पेट्रोल पंप ऑपरेटर सोमवार को हड़ताल पर हैं। उन्होंने मंगलवार तड़के पांच बजे तक पेट्रोल पंप बंद रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस हड़ताल को भाजपा समर्थित बताया है। उधर, ओडिशा में शनिवार से लगातार डीजल के रेट पेट्रोल से ज्यादा बने हुए हैं। देश में पहली बार किसी राज्य में ऐसा हुआ है।

केंद्र सरकार ने 4 अक्टूबर को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 1.5 रुपए घटाई थी। तेल कंपनियों ने भी कीमतें एक रुपए कम की थी। केंद्र की अपील पर कई राज्यों ने कीमतें 2.5 रुपए कम कीं। इससे 5 अक्टूबर को पेट्रोल पांच रुपए तक सस्ता हुआ था। तब दिल्ली सरकार ने रेट नहीं घटाए थे। दिल्ली में डीजल पर 16.75% और पेट्रोल पर 27% वैट है।

दूसरे राज्यों में पेट्रोल भरवा रहे लोग

दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष निश्चल सिंघानिया ने बताया कि दिल्ली सरकार के फैसले से लोग आसपास के राज्यों में डीजल-पेट्रोल भरा रहे हैं। इससे सेल कम हो गई है। इसके विरोध में 23 घंटे किसी पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री नहीं होगी। एंबुलेंस को पेट्रोल-डीजल देने से मना नहीं किया जाएगा।
डीटीसी के 12 हजार कर्मचारी भी करेंगे प्रदर्शन

डीटीसी वर्कर्स यूनिटी सेंटर की अपील पर डीटीसी के 12 हजार कॉन्ट्रेक्ट कर्मचारी समान काम समान वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। ऐक्टू के महासचिव अभिषेक ने बताया कि हरियाणा और राजस्थान रोडवेज के कर्मचारियों का भी समर्थन मिलने की संभावना है।
हड़ताल भाजपा की ओछी राजनीति

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”पेट्रोल पंप मालिकों ने हमें निजी तौर पर बताया कि यह भाजपा समर्थित हड़ताल है। जिसे पूरी तरह से ऑयल कॉरपोरेशन का साथ मिला है। इस ओछी राजनीति के लिए जनता चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देगी।”
केजरीवाल जी आप पेट्रोल-डीजल के रेट कम न करने की जिद क्यों पाले हुए हैं। इससे किसका फायदा है? राजस्व कम हो रहा है, प्रदूषण बढ़ रहा है। जल्द पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपए कम कीजिए।

मनोज तिवारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
ओडिशा में पेट्रोल से महंगा डीजल
उड़ीसा में शनिवार से लगातार तीसरे दिन डीजल के रेट पेट्रोल से ज्यादा बने हुए हैं। देश में पहली बार ऐसा हुआ। सोमवार को भुवनेश्वर में पेट्रोल 80.27 रुपए और डीजल 80.40 रुपए हो गया।

भुवनेश्वर में पेट्रोल-डीजल के रेट

शनिवार को रेट रविवार को रेट सोमवार को रेट
पेट्रोल 80.82 80.57 80.27
डीजल 80.88 80.69 80.40

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.