PATNA : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के यूपी के तर्ज पर बिहार के शहरों का भी नाम बदलने की मांग पर अब सियासत तेज हो गई है. राजद के साथ-साथ नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने भी इसपर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कि इस तरह के बेतुके बयान का क्या मतलब है? इस तरह की मांग कर गिरिराज सिंह क्या साबित करना चाहते हैं? बिहार के किसी जिले का नाम बदलने का सवाल ही नहीं उठता.

संजय सिंह ने कहा वो मीडिया में बने रहने के लिए एेसे बयान देते रहते हैं. वो इस तरह कहकर देश और समाज को बांटना चाहते हैं. जहां तक वो बख्तियारपुर जिले का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं तो पहले उसका इतिहास जान लें. जदयू नेता ने कहा कि किसी हाल में बिहार के किसी जिले का नाम हरगिज नहीं बदलेगा ना ही बख्तियारपुर का. एेसा कर सकते हैं गिरिराज तो करके दिखाएं.

इस पर राजद नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि ये राम-रहीम की धरती है. इसे बांटने वालों को जनता देख रही है. ये सबकी धरती है. गिरिराज सिंह तो कल लोगों को पाकिस्तान भेजने की मांग कर रहे थे. गिरिराज सिंह बिहार के जिलों का नाम बदलने वाले होते कौन हैं? पहले वो अपना और अपने माता-पिता का नाम बदल लें.

गिरिराज सिंह ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि आक्रांताओं ने हमारे शहरों के नाम बदले थे लेकिन ऐसे वक्त जब आज हम शक्ति में आए हैं तो उन नामों को बदल रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार को खिलजी ने लूटा था और आज बिहार के बख्तियारपुर से लेकर कई शहर उन्हीं के नाम पर हैं, एेसे में इन शहरों का भी नाम बदल देना चाहिए।