साइकिल चलाना हेल्थ के लिए बेस्ट : सुशील मोदी

PATNA : गोपालगंज टू पटना साइकिल यात्रा. जी हां, गोपालगंज से सैनिक स्कूल के छात्रों का एक जत्था साइकिल यात्रा कर पटना पहुंचा. इसके बाद यही जत्था लौटा. लेकिन लौटने के पहले साइकिल यात्रा पर आये छात्रों ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मुलाकात की. मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने छात्रों को कई टिप्स दिये. उन्हें आगे बढ़ने के रास्ते बताए. बता दें कि सैनिक स्कूल के 30 छात्रों का जत्था 19 अक्टूबर को गोपालगंज से साइकिल से 160 किमी की यात्रा कर पटना आया हुआ था. इस मौके पर सैनिक स्कूल के प्राचार्य भी उपस्थित थे.

उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के पटना स्थित आवास पर सैनिक स्कूल गोपालगंज के छात्रों से लंबी बात की. उन्होंने कहा कि छात्रों को चाहिए कि वे महापुरुषों की जीवनी को पढ़ें. उनसे प्रेरणा लें. उनसे कुछ सीखें. साथ ही उनके चरित्र को जीवन में उतारें. उन्होंने कहा कि वे अपने जीवन में लक्ष्य तय करें, बेशक सफलता मिलेगी.

उन्होंने कहा कि अपने देश में अनेक महापुरुष जन्म लिये हैं. इनमें आदिगुरु शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी, सुभाष चन्द्र बोस, जेपी आदि महत्वपूर्ण हैं. इनमें से किसी ने अल्पायु, तो किसी ने अधिक उम्र के बावजूद समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया और उन्हें असीम सफलता मिली.

उन्होंने छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ ही बाल विवाह, दहेज और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति भी लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया. सैनिक स्कूल के आकर्षण की चर्चा करते हुए कहा कि यहां छात्रों को अनुशासित जीवन जीने का मौका मिलता है, जिसका लाभ उन्हें आजीवन मिलेगा.

जन जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित साइकिल यात्रा से छात्रों के आत्मविश्वास और साहस में बढ़ोत्तरी होगी. भारत जैसे देश में साइकिल चलाना भले गरीबी का प्रतीक माना जाता है, जबकि अमेरिका और यूरोप में अमीर लोग भी पर्यावरण और अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए साइकिल चलाते हैं. वहां इसके लिए सड़कों के किनारे अलग ट्रैक भी बना रहता है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading