
SAHARSA : जिला मुख्यालय से महज पांच किलोमीटर दूर सिसई नहर के पास लोगों ने सड़क जाम कर बिहरा-सहरसा-अगवानपुर मार्ग को जाम कर यातायात ठप कर दिया। करीब पांच घंटे से अधिक समय तक इस मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। जाम में शामिल बूढ़े, बच्चे और नौजवानों ने कहा कि यह उत्पाद विभाग द्वारा शराब कारोबारी के बदले निर्दोष को केस में फंसाकर परेशान किये जाने के खिलाफ समस्त ग्रामीणों का आक्रोश है।
बाद में सदर एसडीओ शम्भूनाथ झा के आदेश पर पहुंचे एक मजिस्ट्रेट और जाम करने वालों के बीच हुई वार्ता के बाद सड़क पर आवाजाही शुरू हो सकी। उत्पाद विभाग ने रविवार की रात सिसई गांव निवासी पंचम पासवान के घर के सामने धान खेत से शराब बरामद किया था।

ग्रामीणों के मुताबिक शराब किसी कारोबारी ने झोला में छुपाकर रखा था। पंचम रिक्शा चलाता है। फौरन उत्पाद विभाग ने पंचम पर केस ठोक दिया। इसी पर लोगों का गुस्सा विभाग के खिलाफ सड़क पर आ गया। जबकि विभाग का कहना है कि उसकी कहीं से ये मंशा नही है कि इस मामले में कोई निर्दोष या गरीब व्यक्ति फंसे।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शराब के अवैध कारोबारी अब ये तरीका अपना लिए हैं कि पैसे का प्रलोभन देकर किसी किसी के घर या बैठकी वाले जगह का इस्तेमाल करना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वो ऐसे शराब बेचने वालों की सूचना विभाग को दें।
ग्रामीण रामू यादव ने कहा कि जो शराब बेचता है उसे पुलिस पकड़े और कड़ी सजा दे लेकिन किसी निर्दोष को तंग न करें नही तो इससे भी बड़ा जन आंदोलन हो सकता है।