जालंधर. केरल की नन से दुष्कर्म के मामले में मुख्य गवाह फादर कुरिआकोस कट्टुथरा सोमवार सुबह सेंट पॉल चर्च में संदिग्ध हालात में मृत पाए गए। 62 साल के कट्टुथारा अक्सर इसी चर्च में रहते थे। परिवार वालों के मुताबिक, फादर को धमकियां मिल रही थीं। उनका आरोप है कि इसके तार नन दुष्कर्म के मामले से जुड़े हुए हैं, ऐसे में इसकी गहराई से पड़ताल करने की मांग की है।
दौसा के डीएसपी एआर शर्मा ने कहा, ‘‘कुरिआकोस के बिस्तर के पास ब्लड प्रेशर की गोलियां मिली हैं। उन्होंने उल्टी कर रखी थी। हालांकि, शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। फारेंसिक टीम भी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हमारी जानकारी में उन्हें किसी तरह की सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई थी।’’
पिछले महीने हुई थी गिरफ्तारी : जालंधर डायोसिस के पूर्व बिशप फ्रैंको मुलक्कल पर केरल की एक नन ने 2014 से 2016 के बीच कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्हें 21 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।
जालंधर पहुंचने पर हुआ था जोरदार स्वागत : केरल हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद पिछले बुधवार को ही वे जालंधर पहुंचे थे। वहां उनका जोरदार स्वागत किया गया था। कोर्ट ने शर्त रखी है कि फ्रैंको जांच अधिकारियों के तलब करने पर ही केरल जाएंगे। उन्हें अपना पासपोर्ट जमा कराने का निर्देश भी दिया गया था।